
Lokayukt Trap: नगर पालिका नरसिंहपुर का बाबू ₹25000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
जबलपुर: जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने आज नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर की लोक निर्माण शाखा के बाबू संजय कुमार तिवारी को ₹25000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त पुलिस ने यह कार्यवाही जबलपुर के भीष्म नारायण सिंह राजपूत की शिकायत पर की है।

लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक भीष्म नारायण सिंह को पेवर ब्लॉक लगाने का टेंडर वर्ष 2025 में मिला था जिसमें एफ डी आर एवं पीजी राशि के रूप मे 50000 रुपए की राशि बैंक गारंटी के रूप में रखी थी। टेंडर का काम आवेदक द्वारा पूर्ण कर दिया था जिसका भुगतान खाते में करवाने के बदले लोक निर्माण शाखा नगर पालिका परिषद के बाबू संजय तिवारी द्वारा 15.5 प्रतिशत के हिसाब से 52 हजार रूपए की मांग की जा रही थी। बिल का भुगतान आवेदक की कम्पनी के खाते में हो गया है लेकिन भुगतान के बाद से बाबू संजय तिवारी द्वारा रिश्वत नहीं देने पर एफ डी आर और बैंक गारंटी रोकने तथा भविष्य में नगर पालिका परिषद में कोई काम नहीं देने की धमकी दी जा रही थी। बाबू संजय तिवारी से बातचीत करने पर 38000 रुपए रिश्वत लेने को तैयार हो गया। आवेदक द्वारा 25000 रुपए की व्यवस्था होने पर आज दिनांक 08.04.26 को आरोपी संजय तिवारी लिपिक को ₹25000 की रिश्वत लेते हुए नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में कंप्यूटर कक्ष में रंगे हाथ पकड़ा गया । आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन)2018 की धारा-7,13(1)B, 13(2) के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है।

*ट्रेप दल सदस्य-* दल प्रभारी निरीक्षक राहुल गजभिए, टी एल ओ निरीक्षक बृज मोहन सिंह नरवरिया , एवम् लोकायुक्त जबलपुर का दल।





