Lokayukta Raid at CE : भोपाल नगर निगम के रिटायर CE के यहां लोकायुक्त का छापा!

498

Lokayukta Raid at CE : भोपाल नगर निगम के रिटायर CE के यहां लोकायुक्त का छापा!

आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत के बाद लोकायुक्त ने कार्रवाई की!

Bhopal : लोकायुक्त पुलिस ने आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने पर भोपाल नगर निगम के सेवानिवृत्त अधीक्षण यंत्री प्रदीप कुमार जैन के आवास पर छापा मारा। नगर निगम से सेवानिवृत्त होने के बाद वे स्मार्ट सिटी कंपनी में संविदा नियुक्ति पर हैं। वह स्मार्ट सिटी में भी अधीक्षण यंत्री के पद पर ही काम कर रहे हैं। छापा मारने के बाद लोकायुक्त की टीम दस्तावेजों समेत अन्य सामग्री की पड़ताल कर रही है।

सुबह लोकायुक्त की टीम गोविंदपुरा स्थित स्मार्ट सिटी ऑफिस और घर पहुंची और छापामार कार्रवाई शुरू की। दोनों ही स्थानों पर बड़ी मात्रा में दस्तावेज जब्त किए हैं। प्रदीप कुमार जैन के एयरपोर्ट रोड पर लाॅर्ड कॉलोनी में स्थित आवास पर भी शुक्रवार सुबह छापामार कार्रवाई की गई। जिस मकान में कार्रवाई की जा रही है, वह उनके बेटे यश जैन के नाम है। लोकायुक्त पुलिस को उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली थी। इस आधार पर यह कार्रवाई की गई। लोकायुक्त ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

WhatsApp Image 2024 08 09 at 16.21.27

कार्रवाई के दौरान प्रदीप कुमार जैन के यहां से एक लाख रुपये से अधिक नकद व सोने-चांदी जेवरात मिले। इसके अलावा भोपाल में ही दस से ज्यादा जगहों पर जमीन, संपत्ति के कागजात मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। वे पिछले दिनों कनाडा की यात्रा से वापस लौटे हैं।

लोकायुक्त के सूत्रों ने बताया कि प्रदीप जैन द्वारा विदेश में निवेश की सूचनाएं भी मिली हैं। कार्रवाई में मिले दस्तावेजों में जैन के फाॅरेन इन्वेस्टमेंट्स की जांच भी की जा रही है। विदेशों से अवैध वित्तीय व्यवहार को मनी लॉन्ड्रिंग कहा जाता हैं। भारत में यह गंभीर अपराध है। हालांकि लोकायुक्त ने स्पष्ट नहीं किया है कि उसे जो शिकायत मिली है उसमें मनी लॉन्ड्रिंग अथवा विदेश में अवैध तरीके से इन्वेस्टमेंट की डिटेल है या नहीं।

स्मार्ट सिटी में संविदा नियुक्ति

नगर निगम से सेवानिवृत्त होने के बाद प्रदीप कुमार जैन फिलहाल स्मार्ट सिटी कंपनी में संविदा नियुक्ति पर हैं। वे स्मार्ट सिटी में प्रभारी चीफ इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे हैं।