
Lokayukta Trap: छिंदवाड़ा में NHM कार्यालय में डाटा मैनेजर ₹50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत लोकायुक्त पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में जबलपुर लोकायुक्त इकाई ने छिंदवाड़ा जिले में ट्रैप कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय में पदस्थ एक संविदा कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
● नर्सिंग आफिसर से मांगी थी स्थानांतरण के बदले रिश्वत
लोकायुक्त को दी गई शिकायत के अनुसार आवेदिका पुष्पा वडघरे, उम्र 45 वर्ष, जो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहनाकला, ब्लॉक पिण्डरईकला में नर्सिंग आफिसर के पद पर पदस्थ हैं, ने शिकायत की थी कि उनका स्थानांतरण नजदीकी संजीवनी क्लीनिक में कराने के एवज में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सी.एम.एच.ओ कार्यालय खजरी में पदस्थ डाटा मेनेजर जितेन्द्र यदुवंशी द्वारा ₹50 हजार की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई की। आज दिनांक 02 फरवरी 2026 को आरोपी जितेन्द्र यदुवंशी, उम्र 48 वर्ष, पद डाटा मेनेजर (संविदा), को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सी.एम.एच.ओ कार्यालय, प्रथम तल, खजरी छिंदवाड़ा में ₹50 हजार की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
*● भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला*
लोकायुक्त पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(B) एवं 13(2) के अंतर्गत विधिवत कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और प्रकरण में आगे की जांच की जा रही है।
*● जबलपुर लोकायुक्त इकाई की सक्रिय भूमिका*
इस ट्रैप कार्रवाई में ट्रैप लीडिंग ऑफिसर निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक राहुल गजभिये, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय सहित लोकायुक्त जबलपुर की विशेष टीम शामिल रही। पूरी कार्रवाई नियमानुसार और साक्ष्य आधारित तरीके से संपन्न की गई।
*● स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार पर सख्त संदेश*
लोकायुक्त की इस कार्रवाई को स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरुद्ध कड़ा संदेश माना जा रहा है। विभागीय कार्यों में रिश्वतखोरी की शिकायतों पर अब सीधे कार्रवाई हो रही है, जिससे आम कर्मचारियों और नागरिकों में भरोसा मजबूत हुआ है।





