

Madhurav – Boru Te Blog : ‘मराठी गौरव दिवस’ पर सानंद फुलोरा में ‘मधुरव : बोरू ते ब्लॉग’ की प्रस्तुति 2 मार्च को!
मराठी भाषा के विकास की ये प्रस्तुति मधुरा वेलणकर साटम देंगी!
Indore : सानंद न्यास के फुलोरा उपक्रम के तहत ‘मधुरव : बोरू ते ब्लॉग’ कार्यक्रम की प्रस्तुति 2 मार्च रविवार की शाम 5 बजे देवी अहिल्या विश्वविद्यालय सभागृह खंडवा रोड में होगी। यह कार्यक्रम सभी श्रोताओं के लिए खुला है।
सानंद न्यास के अध्यक्ष जयंत भिसे एवं मानद सचिव संजीव वावीकर ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कुछ दिनों पूर्व मराठी भाषा को अभिजात्य भाषा का दर्जा दिया है। ‘मराठी गौरव दिवस’ के उपलक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में अभिजात्य मराठी भाषा की वैभवशाली परंपरा पर आधारित एकमेव संगीतमय नाटक ‘मधुरव बोरू ते ब्लॉग’ का मंचन होगा। इसे नाटक कथन, नृत्य, अभिवाचन, संवाद के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
दुनियाभर में 15 हजार से ज्यादा भाषाएं बोली और लिखी जाती है। दुनिया में सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषाओं में मराठी भाषा का स्थान 10वां और भारत में तीसरा स्थान है। इस कार्यक्रम की संकल्पना निर्देशन, निर्माण, रंगभूषा और अभिनय मधुरा वेलणकर साटम का है। उनके सहयोगी कलाकार है आशिष गाडे, आकांक्षा गाडे, लेखन डॉ समीरा गूजर का, प्रकाश व्यवस्था शीतल तळपदे ने की है। नेपथ्य प्रदीप पाटील, संगीत श्रीनाथ म्हात्रे, वेशभूषा श्वेता बापट, अंकिता जठार की है और व्यवस्थापक हैं अमित सुवे।
गजेन्द्र अहिरे निर्देशित ‘नॉट ओनली मिसेस राऊत’ से अपने अभिनय की शुरूवात करने वाली मधुरा वेलणकर मराठी फिल्मों एवं धारावाहिकों में जानी मानी अभिनेत्री है। उन्हें चार राज्य पुरस्कार के साथ साथ ‘झी’ अवार्ड्स, वी शांताराम अवार्ड्स भी मिला है। उन्होंने कई हिंदी और मराठी फिल्मों और धारावाहिकों में अपने अभिनय जौहर दिखाए हैं।
सानंद न्यास के जयंत भिसे एवं संजीव वावीकर ने सभी श्रोताओं और दर्शकों से अपील की है कि इस कार्यक्रम में सम्मिलित होकर मराठी भाषा के जन्म और विकास की गाथा को जानिए। इस कार्यक्रम से यह भी पता चलेगा कि कैसे मराठी आगे बढ़ी, कैसे लड़ी और सामान्य जन मानस तक पहुंची। अपनी मातृभाषा के वैभवशाली परंपरा की समृद्ध जानकारी को जानिए।