
Madhya Pradesh Budget 2025-26 : MP का बजट गरीब कल्याण, युवा शक्ति, समृद्ध किसान समृद्ध प्रदेश और सशक्त नारी पर केंद्रित!
₹4,21,032 करोड़ के बजट में कोई नया कर प्रस्तावित नहीं, 2047 के विजन पर टारगेट केंद्रित!
Bhopal : मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए अपना वार्षिक बजट पेश किया। यह बजट 4.21 लाख करोड़ का है। इसे वित्त मंत्री और एमपी के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने पेश किया। प्रदेश सरकार ने साल 2047 के विजन को लेकर अपना टारगेट केंद्रित कर बजट पेश किया। लक्ष्य के हिसाब से तब तक एमपी का बजट 2 ट्रिलियन तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए 18 नीति और 19 उत्पादों को जीआई टैग मिलाकर दिया गया। इस बजट में सरकार ने गरीब कल्याण मिशन, युवा शक्ति मिशन, समृद्ध किसान समृद्ध प्रदेश और सशक्त नारी सशक्त प्रदेश जैसे बिंदुओं पर फोकस किया है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 2025-26 के बजट को हर वर्ग के विकास और विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सशक्त नारी समृद्ध मध्यप्रदेश की आधारशिला है और सरकार ‘लाड़ली बहना’ तथा ‘लाड़ली लक्ष्मी’ जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं के जीवन स्तर को उन्नत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने 4,21,032 करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जिसमें कोई नया कर प्रस्तावित नहीं है। अनुसूचित जनजातियों के लिए 47,296 करोड़ रुपए और अनुसूचित जातियों के लिए 32,633 करोड़ रुपए आवंटित किए गए। लाड़ली बहना योजना के लिए 18,669 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा
ओंकारेश्वर लोक को उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित करने की योजना बनाई गई है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
महिला कल्याण पर सरकार का जोर
मई 2023 में शुरू की गई ‘लाड़ली बहना योजना’ के तहत विवाहित महिलाओं को शुरुआत में 1,000 रुपये प्रति माह दिए गए थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 1,250 रुपये कर दिया गया। इसके विपरीत, महाराष्ट्र सरकार ने इस तरह की योजना के बजट में कटौती की है।
नेताओं की प्रतिक्रियाएं
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इसे राज्य के विकास और पीएम मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ विजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्य मंत्री विश्वास सारंग ने भी बजट की सराहना की। प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि यह बजट मध्य प्रदेश को पर्यटन और आर्थिक विकास की दिशा में आगे बढ़ाने वाला है।





