Mahakal Darshan : महाकाल दर्शन के प्रति फिल्म कलाकारों का रुझान बढ़ा!

बीते सालों में कई एक्टर और एक्ट्रेस महाकाल मंदिर आए! 

1352

Mahakal Darshan : महाकाल दर्शन के प्रति फिल्म कलाकारों का रुझान बढ़ा!

उज्जैन से सुधीर नागर की रिपोर्ट 

Ujjain : महाकाल मंदिर परिसर में महाकाल लोक बनने के बाद देशभर से भक्तों के उज्जैन आने का सिलसिला बढ़ा है। वहीं फिल्म कलाकारों में भी महाकाल की भक्ति प्रति क्रेज बढ़ा है। इसी साल कई नामी एक्टरों ने महाकाल दर्शन किए। सोमवार को अभिनेता अनुपम खेर खास तौर से महाकाल दर्शन के लिए आए और अब तक मिली कामयाबियों के लिए शुक्रिया अदा किया। सोमवार को अनुपम खेर महाकाल आए थे और पूरे विधि-विधान से महाकाल की पूजा की।

महाकाल के प्रति अभिनेताओं की आस्था नई बात नहीं है। 80 के दशक में महानायक अमिताभ बच्चन महाकाल दर्शन करने आए थे। जितेंद्र भी शूटिंग के सिलसिले में आ चुके हैं। कुछ समय पहले ही अपनी फिल्म ‘ओ माय गॉड 2’ की शूटिंग के लिए अभिनेता अक्षय कुमार ने भी पहले महाकाल के दर्शन किए थे।1981 में प्रसिद्ध अभिनेत्री रेखा की फिल्म ‘मंगलसूत्र’ की शूटिंग भी महाकाल और मंगलनाथ मंदिर में हुई थी। 1975 में सुपरहिट धार्मिक फिल्म ‘जय संतोषी माँ’ की शूटिंग भी हरसिद्धि मंदिर के पीछे संतोषी माता मंदिर में हो चुकी है।

इस साल अभिनेता गोविंदा दूसरी बार महाकाल के दर्शन करने आए थे। राजपाल यादव, आशुतोष राणा जैसे कलाकार भी महाकाल मंदिर आ चुके हैं। जनवरी में सारा अली खान और अमृता सिंह ने महाकाल के दर्शन करने आए थे। नवंबर में अभिनेत्री ऋषिता भट्ट और निर्माता निर्देशक मधुर भंडारकर भी आए थे। अक्टूबर में जयाप्रदा अपने बेटे सम्राट के साथ महाकाल दर्शन करने आई थीं। इसके एक माह पहले सितंबर में टीवी दुनिया का बड़ा नाम और शानदार टीवी शो को प्रोड्यूस करने वाली मशहूर प्रोड्यूसर एकता कपूर ने महाकाल और मंगलनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की थी। 2018 में कंगना रनौत तो 2021 में अभिनेत्री रूपा गांगुली आई थीं।

IMG 20221213 WA0021

क्या मांगा था गोविंदा ने 

चार साल पहले फिल्म स्टार गोविंदा भी महाकाल मंदिर में पूजा करने आए थे। उनकी पत्नी सुनीता भी साथ थी। दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि भगवान से प्रार्थना की है, सभी को किसी तरह की दुख तकलीफ न हो, कोई बाधा न आए। वे अपनी फिल्म ‘फ्राई डे’ की रिलीज से पहले आए थे। उन्होंने कहा था कि बेटी टीना जिस तरह काम कर रही है, उससे उम्मीद है सफल रहेगी। ईश्वर से प्रार्थना है, वह सफल हो। गोविंदा ने प्राचीन काल भैरव मंदिर में भी दर्शन किए। पूजन के दौरान उन्होंने परंपरा अनुसार काल भैरव को मदिरा का भोग भी लगाया।

IMG 20221213 WA0020

IMG 20221213 WA0022

कुछ रोचक किस्से

बॉलीवुड अभिनेत्री पूनम झंवर भी इसी साल उज्जैन आईं और महाकाल भगवान के दर्शन किए। गर्भगृह में पूजन अभिषेक के बाद झंवर ने कहा था उन्होंने अपने लिए अच्छा वर मांगा है। महाकाल से प्रार्थना की है कि अच्छा पति मिले और शुभ विवाह हो। अभिनेत्री तनुश्री दत्ता भी इसी साल महाकाल दर्शन करने आईं और रास्ते में एक्सीडेंट होने के बाद भी लड़खड़ाते हुए मंदिर आईं और इंदौर से लौटकर दोबारा दर्शन कर भगवान का शुक्रिया अदा किया था।

IMG 20221213 WA0019

रणबीर और आलिया दर्शन नहीं कर सके

सितंबर में बॉलीवुड के पॉपुलर कपल रणबीर कपूर और आलिया भट्ट महाकाल दर्शन करने उज्जैन पहुंचे थे। लेकिन, उन्हें बिना दर्शन किए ही मंदिर से वापस लौटना पड़ा। सिर्फ फिल्म के डायरेक्टर अयान मुखर्जी गर्भगृह में जाकर बाबा महाकाल के दर्शन कर सके। आलिया-रणबीर और अयान मुखर्जी के आने से पहले ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने महाकाल मंदिर के मुख्य और वीवीआईपी शंख द्वार पर हंगामा कर दिया था। इसके बाद रणबीर-आलिया और अयान मुखर्जी तीनों को उज्जैन कलेक्टर के घर जाना पड़ा था।