महाकाल सवारी: पानी थूकने वाले संदिग्धों को बाल न्यायालय में पेश किया,नगर निगम आरोपियों के अवैध निर्माण को तोड़ेगा

885

महाकाल सवारी: पानी थूकने वाले संदिग्धों को बाल न्यायालय में पेश किया,नगर निगम आरोपियों के अवैध निर्माण को तोड़ेगा

उज्जैन से मुकेश भीष्म की रिपोर्ट

उज्जैन: उज्जैन में श्रावण के दूसरे सोमवार पर निकली भगवान महाकाल की सवारी के दौरान तीन लड़कों के मकान के ऊपर से पानी थूकने की घटना सामने आयी है।घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसके बाद हिंदूवादी संगठनों ने कल देर रात खारा कुआं थाने का घेराव किया। पुलिस ने शिकायत पर तीनों आरोपी लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

घटना टंकी चौराहे की बताई जा रही है।वीडियो में दिख रहा है कि सड़क के दोनों ओर छत पर कुछ लड़के खड़े हैं। एक मकान की गैलरी में खड़े लड़कों में से एक लड़का नीचे की ओर पानी थूकता नजर आ रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद बजरंग दल के जिला संयोजक अंकित चौबे सहित कई कार्यकर्ता रात खारा कुआं थाने पहुंचें।यहां आरोपियों पर मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।

वीडियो देखने के बाद पुलिस ने तीन नाबालिगों के खिलाफ धारा 295 A ,153 A, 296 और धारा 505 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर बाल न्यायालय में पेश किया।

इधर, मामले में नगर निगम ने मकान की जांच शुरू करते हुए अवैध निर्माण की जानकारी निकालना शुरू की है। प्रभारी कलेक्टर,नगर निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह के अनुसार तीनों आरोपियों के मकानों की जांच की जा रही है। मकान का निर्माण वैधानिक रूप से किया गया है या नहीं, इसका पता किया जा रहा है। अवैध निर्माण पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। घटना में और भी युवकों की भूमिका सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
वही स्कूल रिकॉर्ड से आरोपियों की सही उम्र भी पता की जा रही है।