

Maheshwar Cabinet Meeting : प्रदेश के 17 धार्मिक नगरों में शराबबंदी, मंत्रियों को ट्रांसफर का अधिकार, अंबडेकर यूनिवर्सिटी को ₹25 करोड़!
‘कल्याणी योजना’ के तहत विधवा बहनों को शादी के बाद ₹2 लाख देगी!
Maheshwar (Khargone) : मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने आज महेश्वर में कैबिनेट की मीटिंग की। मीटिंग से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंत्रिमंडल के साथ जाकर मां नर्मदा की पूजा की। उन्होंने कैबिनेट की मीटिंग के बाद लिए गए फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मीटिंग में प्रदेश के 17 धार्मिक और पवित्र स्थानों पर शराबबंदी का फैसला लिया गया है। कैबिनेट से इसकी मंजूरी मिल गई है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन नगर निगम के क्षेत्र में शराबबंदी रहेगी। इसके साथ ही दतिया नगर पालिका क्षेत्र में भी शराबबंदी लागू होगी। उन्होंने कहा कि इन दुकानों को कहीं और स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। 17 धार्मिक नगरों में उज्जैन नगर निगम, दतिया, पन्ना, मंडला, मुलताई, मंदसौर, मैहर के अलावा ओंकारेश्वर, महेश्वर, ओरछा, चित्रकूट और अमरकंटक के नगर परिषद क्षेत्र शामिल हैं।
ग्राम पंचायत स्तर पर सलकनपुर माता मंदिर, बरमान कला, बर्मन खुर्द, कुंडलपुर और बांदकपुर में पांच किलोमीटर के दायरे में शराबबंदी की मौजूदा नीति जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष परिस्थिति में मंत्री अपने विभागों में ट्रांसफर कर सकेंगे। इसके साथ ही नारी सशक्तिकरण मिशन को भी कैबिनेट ने लक्ष्यों के साथ मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री ने बताया महू स्थित अंबेडकर यूनिवर्सिटी के लिए 25 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इसके साथ ही विशेष परिस्थितियों में सरकार के मंत्री ट्रांसफर कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रांसफर नीति बाद में आएगी। कल्याणी योजना के तहत विधवा बहनों को शादी के बाद 2 लाख रुपए देगी।
मंत्रियों को ट्रांसफर का अधिकार
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि विशेष परिस्थिति में मंत्री अपने विभागों में ट्रांसफर कर सकेंगे। थोकबंद तबादले के लिए बाद में ट्रांसफर नीति आएगी। ऐसे में मंत्रियों को तबादले के लिए एक बड़ा अधिकार मिल गया है।
अंबेडकर यूनिवर्सिटी के लिए 25 करोड़ रुपए
बैठक में आंबेडकर विश्वविद्यालय के लिए 25 करोड़ रुपए आवंटित करने का भी निर्णय लिया गया। कल्याण विभाग की ओर से विधवा विवाह करने वालों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
कैबिनेट ने ये फैसले भी लिए
– सुरक्षित प्रसव के लिए खराब कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए प्रतीक्षालय भी खोलेगी। प्रसव पूर्व परामर्श और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देगी।
– व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्रों और ई-लर्निंग प्लेटफार्मों का विस्तार होगा और पॉलिटेक्निक संस्थानों में महिला सीटें बढ़ाई जाएंगी।
– स्कूल शिक्षा विभाग प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल के छात्रों के लिए लिंग संवेदनशीलता और सकारात्मक पुरुषत्व के संबंध में पाठ्यक्रम में भी बदलाव करेगा।
– 10 साल की स्कूली शिक्षा प्राप्त बेटियों के प्रतिशत में मौजूदा 29.3% से 5 प्रतिशत अंक सुधार पर फोकस किया जाएगा।
गौरतलब है कि बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री ने अहिल्या किले में राजगादी के दर्शन किए राजवाड़ा में मंत्रिमंडल का फोटो सेशन भी हुआ। इसके बाद सभी मंत्रियों ने अहिल्या घाट पर नर्मदा नदी की पूजा-अर्चना की। ये कैबिनेट बैठक मध्यप्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण फैसलों की गवाह बनी।