महंगाई भत्ते, वेतनवृद्धि को लेकर मंत्रालय कर्मियो ने काम बंद कर किया प्रदर्शन

633

भोपाल: एरियर सहित वेतन वृद्धि, केन्द्र के समान महंगाई भत्ता दिए जाने की मांग को लेकर मंत्रालय कर्मचारियों ने मंगलवार को दोपहर बारह बजे से काम बंद कर प्रदर्शन किया। मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने कहा कि मांगों को लेकर यह हमारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन है, मांगे नहीं मानी गई तो आगे और कड़ा आंदोलन किया जाएगा।
मंत्रालय कर्मचारियों ने मंगलवार को सुबह बारह बजे तक दफ्तर में काम किया उसके बाद सभी काम बंद कर मंत्रालय से बाहर आ गए। वल्लभ भवन क्रमांक दो के सामने गेट नंबर छह पर एकत्रित होकर उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। यहां कर्मचारियों के समूह को संबोधित करते हुए सुधीर नायक ने कहा कि राज्य प्रशासनिकसेवा और लेखा सेवा की भांति हर आठ साल मे उच्च पद पर क्रमोन्नति दिए जाने के लिए मंत्रालयीन भर्ती नियमों में संशोधन किया जाना चाहिए। कर्मचारियों को केन्द्र के समान वेतन वृद्धि और एरियर का भुगतान किया जाना चाहिए। केन्द्र के समान महंगाई भत्ता दिया जाना चाहिए। मंत्रालयीन सहायक वर्ग तीन एवं स्टेनोटायपिस्ट को वेतनमान 20200 और ग्रेड पे 24 सौ किए जाने का निर्णय लिया जाए तथा कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री बीमा योजना तत्काल लागू की जाए। उन्होंने कहा कि एक जुलाई 2020 तथा एक जुलाई 2021 को देय वेतनवृद्धि एरियर सहित तत्काल दी जाना चाहिए। सचिवालय भत्ते का पुनरीक्षण किया जाना चाहिए। गृह भाड़ा एवं अन्य भत्ते सातवे वेतनमान के अनुरुप किए जाने चाहिए। सीपीसीटी उत्तीर्ण नहीं करने पर की जा रही सेवा समाप्ति की कार्यवाही रोकी जाए। तीन वर्ष की परीवीक्षा अवधि को घटाकर दो वर्ष किया जाए। मंत्रालय मे नियुक्त कुलियों को स्थाई कर्मी का दर्जा दिया जाए।
मंत्रालय कर्मियों के आंदोलन की वजह से दोपहर बारह बजे के बाद मंत्रालय में कामकाज बंद हो गया। गलियारों में सन्नाटा छा गया। इससे रोजाना होंने वाला कामकाज भी प्रभावित रहा। सरकारी कामकाज ठप्प रहा।