भोपाल में ईरानी डेरे पर बड़ा पुलिस ऑपरेशन:400 पुलिसकर्मियों की कॉम्बिंग कार्रवाई, 408 आरोपियों पर शिकंजा

80

भोपाल में ईरानी डेरे पर बड़ा पुलिस ऑपरेशन:400 पुलिसकर्मियों की कॉम्बिंग कार्रवाई, 408 आरोपियों पर शिकंजा

BHOPAL: राजधानी भोपाल में अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरे और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने देर रात व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में करीब 400 पुलिस कर्मचारी और अधिकारी इस विशेष अभियान में शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान सैकड़ों वारंटी और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा सोना, गांजा और नकदी भी जब्त की गई।

IMG 20260212 WA0015

● 408 आरोपियों पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार कुल 408 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। इनमें 283 स्थायी वारंटी और 125 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। अलग से 121 जमानतीय वारंटियों पर भी कार्रवाई की गई। इस ऑपरेशन में 31 पुरुष और 8 महिलाओं सहित कुल 39 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। कई फरार आरोपियों को भी दबोचा गया है।

IMG 20260212 WA0017

● गंभीर अपराधियों पर शिकंजा

कार्रवाई के दौरान 5 पूर्व वाहन चोर और 2 पूर्व नकबजन पकड़े गए, जिनसे पूछताछ जारी है। 4 जिला बदर आरोपी भी गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा 8 ऐसे अपराधी पकड़े गए हैं जिन पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। कॉम्बिंग गश्त के दौरान 66 निगरानी बदमाशों को चेक कर उनसे पूछताछ की गई।

 

● शहादत समेत कुख्यात आरोपी गिरफ्तार

शहादत नाम का एक शातिर आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उसके खिलाफ प्रतापगढ़ में एक और राजगढ़ में तीन आपराधिक मामलों में फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार कुछ आरोपियों के खिलाफ स्थायी वारंट लंबे समय से लंबित थे।

 

● बड़ी जब्ती

ऑपरेशन के दौरान 644 ग्राम सोना, 1 किलो 700 ग्राम गांजा और 1 लाख 33 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस अन्य बरामदगी और दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

 

● आगे भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फरार और वारंटी आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा ताकि शहर में कानून व्यवस्था मजबूत की जा सके।

पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधि अनुसार कार्रवाई शुरू कर दी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।