Mandsaur News: नौजवान बिना काम के, किसान बिना दाम के, तो शिवराज किस काम के? – प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ

जनसभा में जमकर बरसे कांग्रेस नेता

Mandsaur News: नौजवान बिना काम के, किसान बिना दाम के, तो शिवराज किस काम के? – प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर। प्रदेश का हर व्यक्ति आज भ्रष्टाचार का शिकार है या इसका गवाह है। यह कमीशन की भाजपा सरकार, घोटालों की भाजपा सरकार, चौपट व्यवस्था की भाजपा सरकार है आने वाली 17 तारीख को निकम्मी सरकार और झूठ के घोषणावीर शिवराजसिंह चौहान की विदाई का बटन दबाना है और भरोसे की कांग्रेस सरकार बनाना है यह कहा अपने 25 मिनट के अपने संबोधन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने। आप शुक्रवार को गांधी चौराहे पर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में बड़ी जनसभा में बोल रहे थे।

WhatsApp Image 2023 11 03 at 15.48.22

श्री कमलनाथ ने भाजपा पर बरसते हुए कहा कि आज युवाओं नोजवानों के पास काम नहीं है, किसानों को अपनी उपज के वाजिब दाम नहीं है तो फिर ऐसी भाजपा सरकार और शिवराजसिंह चौहान का क्या काम है, इसे हटाना है और कांग्रेस उम्मीदवार को विजयी बनाना है।

आपने कहा मात्र 15 महीने की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के 27 लाख किसानों के 390 करोड़ रुपये की प्रथम किश्तें कर्ज़ की माफ़ की। मंदसौर जिले के 1 लाख से अधिक किसानों पहली किश्त माफ़ की थी।

WhatsApp Image 2023 11 03 at 15.44.47 1

18 सालों की भाजपा सरकार में विकास केवल घोटालों का, कमीशन का, बेरोजगारी का, मंहगाई का, माफियाओं का, अपराधों का हुआ है। मुख्यमंत्री ने सालों में 22 हजार से अधिक घोषणाएं ही की हैं। पिछले पांच महीनों से ये थोथी घोषणाएं डबल गति से कर रहे हैं क्योंकि उन्हें पता चल गया है कि अब उनकी विदाई तय है। प्रदेश के जनमानस के साथ मंदसौर जिले के मतदाताओं ने बदलाव निश्चय कर लिया है।

WhatsApp Image 2023 11 03 at 15.44.46

श्री कमलनाथ ने कहा कांग्रेस की रीति नीति जोड़ने की है। अनेकता विभिन्नता धर्म संस्कृति भाषा के बाद भारत विश्व का एकमात्र देश है जहां एक साथ मिलकर रहते हैं। कांग्रेस सबसे मिलकर जोड़कर प्रगति में विश्वास करती है।

यह चुनाव विशेष है यह प्रदेश के साथ युवाओं किसानों महिलाओं का भविष्य तय करेगा। आपने मंच से विपिन जैन (मंदसौर), सुभाष सोजतिया (गरोठ), परशुराम सिसोदिया (मल्हारगढ़) राकेश पाटीदार (सुवासरा) चारों कांग्रेस उम्मीदवारों को प्रस्तुत किया, अपने प्रतिनिधि के रूप में परिचय कराया और मंदसौर जिले से कांग्रेस को विजय प्राप्त हो यह अपील की।

WhatsApp Image 2023 11 03 at 15.44.47

यह बात भी दोहराई कि 2018 में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी पर मंदसौर ने साथ नहीं दिया फिर भी बिना भेदभाव के यहां के किसानों का कर्जा माफ़ किया। 2023 में गलती नहीं हो और कांग्रेस उम्मीदवार जीत कर डंका बजाये। श्री कमलनाथ ने आनेवाली कांग्रेस सरकार के वचन पत्र पर अमल करने का भरोसा भी दिलाया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, कांग्रेस नेत्री अर्चना जायसवाल, पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल, जिला संगठन मंत्री राजेश रघुवंशी, पूर्व नपाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ़ शेख़, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रुपल अशांशु संचेती, कमलेश लाला सोनी, पार्षद रफ़त पयामी, तरुण खींची, आदित्य पाटिल, पार्षद तरुण शर्मा, प्रीतम पंचोली, शैलेन्द्र बघेरवाल, हेमंत शर्मा, सुरेंद्र कुमावत सुनील बसेर, सुरेश भाटी, अनिल शर्मा, विजेश मलेचा, अनिल बोराना, मनजीत सिंह मनी, दशरथ राठौड़, विश्वास दुबे, संदीप सलोद, बबिता सिंह तोमर, पिंकी कमलेश सोनी, मधु कड़ावत, जनपद सदस्य विकास दशोरा, शुभम कामराज सहित जिलेभर के कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित थे।

WhatsApp Image 2023 11 03 at 15.45.49

इसके पहले पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन पूर्व मंत्री सुभाष सोजतिया, राकेश पाटीदार, परशुराम सिसोदिया, विपिन जैन आदि ने जनसभा को संबोधित किया।

जनसभा संचालन डॉ प्रीतिपाल सिंह राणा एवं डॉ राघवेंद्र सिंह तोमर ने किया।