
मन्दसौर के सुंदरलाल पटवा मेडिकल कॉलेज को प्राप्त हुआ एक और देहदान
मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मंदसौर / नगर के सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मंदसौर में एमबीबीएस छात्रों के अध्ययन एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण हेतु एक और कैडेवर प्राप्त हुआ है।
यह देहदान रतलाम निवासी स्वर्गीय श्री संजय गहलोत द्वारा किया गया, जो काकानी वेलफेयर सोसाइटी, रतलाम के माध्यम से तथा श्री गोविंद काकानी के सहयोग से चिकित्सा महाविद्यालय मंदसौर को प्राप्त हुआ।
इस समन्वय में डॉ. नटवर गौर, सहायक प्राध्यापक एनाटोमी , डॉ. कार्तिक साल्वे, प्राध्यापक (फार्माकोलॉजी) , डॉ सुनील कांत गुलेरी प्राध्यापक कम्युनिटी मेडिसिन एवं डॉ सौमित्र सेठिया सह प्राध्यापक कम्युनिटी मेडिसिन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

एनाटॉमी विभाग में प्रायोगिक अध्ययन हेतु देह ( कैडेवर ) की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक होती है। इस नवीन देहदान के साथ महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के लिए कुल 11 कैडेवर प्रशिक्षण हेतु उपलब्ध हो चुके हैं, जो छात्रों के समुचित पठन-पाठन एवं कौशल विकास में सहायक सिद्ध होंगे।
मेडिकल कॉलेज अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी द्वारा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं एनजीओ के माध्यम से समाज में देहदान एवं अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने एवं लोगों को प्रेरित करने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
समाज से अपेक्षा है कि अधिक से अधिक लोग देहदान जैसे महादान में सहभागिता कर भावी चिकित्सकों के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दें।





