

Sanoj Mishra Arrested on Rape Charges : मोनालिसा को फ़िल्म आफर करने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा दुष्कर्म के आरोप में दिल्ली में गिरफ्तार!
New Delhi : अपनी खूबसूरत आंखों की वजह से महाकुंभ में वायरल हुई मोती की माला बेचने वाली लड़की मोनालिसा को अपनी फिल्म में भूमिका ऑफर करने वाले निर्देशक सनोज मिश्रा को बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा उनकी जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद यह गिरफ्तारी हुई।
सनोज मिश्रा को खुफिया जानकारी जुटाने और तकनीकी निगरानी के बाद रविवार को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी गाजियाबाद में हुई, जिसके बाद नबी करीम पुलिस स्टेशन ने उन्हें हिरासत में लिया। निर्देशक पर एक 28 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि सनोज ने उसके साथ चार साल तक बलात्कार किया। फिल्म अभिनेत्री बनने की इच्छा रखने वाली इस महिला ने दावा किया कि वह इस दौरान मुंबई में मिश्रा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही। महिला ने निर्देशक पर यह आरोप भी लगाया कि मिश्रा ने उसे तीन बार गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया।
बलात्कार के साथ यह आरोप भी लगे
पीड़ित महिला ने पुलिस को अपने बयान में सनोज मिश्रा पर शादी करने के वादे से मुकरने का भी आरोप लगाया। दिल्ली पुलिस के एक बयान के अनुसार, 6 मार्च 2024 को बलात्कार, मारपीट, गर्भपात कराने और धमकी देने सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज किया गया था। जिस घटना में शिकायत दर्ज की गई, वह 18 फरवरी 2025 को हुई, जब आरोपी कथित तौर पर पीड़िता को नबी करीम के होटल शिवा में लेकर आया। निर्देशक सनोज मिश्रा पर आरोप है कि इस सफर के दौरान उन्होंने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और फिर उसे छोड़ दिया। इसके बाद पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई। दिल्ली उच्च न्यायालय ने इस मामले पर मिश्रा की जमानत याचिका को खारिज कर दिया, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई है।
‘महाकुंभ 2025’ के दौरान वायरल हुई मोनालिसा को सनोज मिश्रा ने अपनी फिल्म ऑफर की। इस घोषणा के बाद से ही वह सुर्खियों में आ गए। सोशल मीडिया पर निर्देशक के ऊपर लगे पहले से आरोपों को भी खूब उछाला गया और उनकी आलोचना की गई।