मंत्री सुश्री ठाकुर का थाईलैंड, मलेशिया और कंबोडिया का 7 दिवसीय दौरा

26 अगस्त से "बुद्धभूमि" सहित अन्य कार्यक्रम में होंगी शामिल

624

मंत्री सुश्री ठाकुर का थाईलैंड, मलेशिया और कंबोडिया का 7 दिवसीय दौरा

Bhopal: पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री सुश्री उषा ठाकुर 26 अगस्त से थाईलैंड में “बुद्धभूमि भारत-बुद्ध के पद चिन्हों पर यात्रा” कार्यक्रम और मलेशिया एवं कम्बोडिया में पर्यटन रोड-शो में सम्मिलित होंगी। मंत्री सुश्री ठाकुर तीन देशों के पर्यटकों को प्रदेश में बौद्ध धर्म के प्रमुख स्थलों पर भ्रमण के लिए आमंत्रित करेंगी। प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति श्री शिव शेखर शुक्ला, अपर प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड श्री विवेक श्रोत्रिय, वाइस चांसलर साँची बौद्ध यूनिवर्सिटी डॉ. नीरजा गुप्ता और पर्यटन निगम से श्री विवेक जूड भी शामिल रहेंगे।

मंत्री सुश्री ठाकुर तीनों देशों के प्रतिनिधियों, अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों, टूर और ट्रेवल एजेंट सहित आम जन को प्रदेश की संस्कृति और बौद्ध धर्म की भूमिका के बारे में जानकारी देंगी। साथ ही साँची, विदिशा, ग्यारसपुर, उदयगिरि, सतधारा सुनारी और अंधेर, मुरेलखुर्द जैसे महत्वपूर्ण बौद्ध पर्यटन स्थलों पर आने के लिए आमंत्रित करेंगी।

मंत्री सुश्री ठाकुर 26 से 28 अगस्त तक बैंकॉक के एमक्वार्टियर शॉपिंग सेंटर में “बुद्धभूमि भारत-बुद्ध के पद चिन्हों पर यात्रा” कार्यक्रम में शामिल होंगी। कार्यक्रम में दोनों देशों के सांस्कृतिक वैचारिक मंथन और पर्यटन संबंधित गतिविधियों पर विमर्श होगा। मंत्री सुश्री ठाकुर 29 अगस्त को कुआलालम्पुर (मलेशिया) और 31 अगस्त को नामपेन्ह (कंबोडिया) में टूरिज्म रोड-शो में भी हिस्सा लेंगी। रोड-शो में ट्रेवल एजेंट और टूर ऑपरेटर को प्रदेश के बौद्ध स्थलों में पर्यटन संबंधी सुविधाओं की जानकारी देकर पर्यटकों के टूर प्लान में शामिल करने के लिए प्रेरित करेंगी। वापसी के दौरान वे 1 सितंबर को अंगकोर वाट मंदिर एवं स्मारकों का भ्रमण करेंगी। उल्लेखनीय है कि अंगकोर मंदिर भगवान विष्णु का सबसे बड़ा मंदिर है, जिसकी विशाल दीवारों पर रामायण और महाभारत धर्मग्रंथों से जुड़ी कहानियाँ उकेरी गयी हैं।