
असम में जुटे मंत्री राकेश सिंह, नरेंद्र शिवाजी सहित कई सांसद, चुनाव के ऐलान से पूर्व भाजपा नेताओं को एमपी से भेजा
भोपाल. पश्चिम बंगाल और असम में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही मध्य प्रदेश भाजपा से भी नेताओं को यहां पर भेजना शुरू कर दिया गया है। खासकर मध्य प्रदेश के नेताओं की तैनाती असम में की जा रही है। यहां पर प्रदेश के मंत्री, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक सहित लगभग तीन दर्जन नेता पहुंच चुके हैं और अगल-अलग क्षेत्रों में सक्रिय हैं। जबकि पश्चिम बंगाल में युवा मोर्चा की एक टीम अलग-अलग क्षेत्रों में भेजी गई है। दोनों ही राज्यों में जल्द ही विधानसभा चुनाव का ऐलान होने वाला है। असम में भाजपा की सरकार है, जबकि पश्चिम बंगाल में भाजपा मुख्य विपक्षी दल है। दोनों ही राज्यों में अप्रैल या मई में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।
पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह और नरेंद्र शिवाजी पटेल असम में सक्रिय हैं। बुधवार को राकेश सिंह ने वहां के नगांव स्थित भाजपा कार्यालय में विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत नगांव और कलियाबोर के मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। वहीं नरेंद्र शिवाजी पटेल को लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। वे वहां पर सक्रिय हैं। इसी तरह सांसद आलोक शर्मा, दशन सिंह चौधरी, कविता पाटीदार, विनोद गोटिया, पूर्व सांसद केपी यादव, श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व विधायक गिर्राज दंडोतिया, संजय शाम भी यहां पर सक्रिय हैं। मणिपुर से सटे सिल्चर लोकसभा में आने वाली सात विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी कविता पाटीदार को दी गई हैं।
यहां पर उनके साथ श्याम सुंदर शर्मा और अन्य की टीम हैं।
इधर पश्चिम बंगाल भी प्रदेश भाजपा के नेता पहुंचे हैं, लेकिन इस बार यहां पर फिलहाल युवा मोर्चा के नेताओं को भेजा गया है। मध्य प्रदेश में संगठन स्तर पर अभी निर्णय होना है कि यहां पर और कौन कौन से नेताओं को भेजा जाए। इसके बाद पश्चिम बंगाल में भी प्रदेश के नेता बड़ी संख्या में चुनाव के दौरान वहां पर मोर्चा संभालेंगे।





