शराब तस्करी का विधायक ने लगाया आरोप, कहा 35 करोड़ की शराब, 3 करोड़ पर ही लेबल लगा रहे

202

शराब तस्करी का विधायक ने लगाया आरोप, कहा 35 करोड़ की शराब, 3 करोड़ पर ही लेबल लगा रहे

भोपाल: प्रदेश में शराब की तस्करी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि 35 करोड़ की शराब पर तीन करोड़ का लेबल लगाकर बेचा जा रहा है। सरकार को अरबो रुपए का नुकसान हो रहा है। प्रदेश में यह गोरखधंधा चल रहा है। वहीं जौरा के कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने विधानसभा में अपने प्रश्न पर मंत्री नरेंद्र पटेल से कहा कि क्या राजनीतिक लोग अपराध करेंगे तो उनकी गिरफ्तारी नहीं होगी। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष को विधानसभा चुनाव के पांच घंटे पहले यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता है तो क्या उसे गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। पंकज उपाध्याय ने मुरैना जिले के जौरा में दर्ज एक एफआईआर को लेकर सवाल किया था। जिस पर मंत्री नरेंद्र पटेल ने कहा कि यह राजनीतिक मामला है, दूसरा पक्ष विधायक के भतीजे का है।

MLA आतिफ अकील ने प्रश्न करते हुए कहा कि धार, झाबुआ में अवैध शराब बनाई जा रही है और बेची जा रही है। उन्होंने यहां पर शराब की तस्करी करने वाली कंपनी का नाम लेते हुए कहा कि धार में 35 करोड़ की शराब में से सिर्फ तीन करोड़ की शराब पर लेबल लगाकर बेचा जा रहा है। बाकी की चोरी की जा रही है, सरकार को अरबो का नुकसान हो रहा है। अलीराजपुर से यह तस्करी हो रही है। वहीं कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने भी कहा कि पुलिस और आबकारी अफसरों के कारण यह हो रहा है। हर दिन दस करोड़ रुपए की अवैध शराब बाहर जा रही है। उन्होंने कहा कि एक परमिट पर दो-दो जगह यह कारोबार हो रहा है। परमिट को आॅनलाइन कर देना चाहिए। वहीं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि तस्करो को बेचे जाने संबंधी कोई भी प्रकरण अब तक प्रकाश में नहीं हैं। वहीं इसी सवाल पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह प्रश्न के बाहर की जानकारी पूछ रहे हैं। जिस पर आतिफ अकील ने कहा कि उन्होंने प्रश्न में पूछा है सब पूछा है।

वहीं पंकज उपाध्याय के प्रश्न के उत्तर में मंत्री नरेंद्र पटेल ने कहा कि जिन मामलों में सात साल से कम की सजा होती है, सुप्रीम कोर्ट की गाईड लाइन अनुसार उनमें गिरफ्तारी नहीं होती है। वहीं कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है। 15 दिन के जांच पूरी हो जाएगी। जांच अनुसार कार्यवाही की जाएगी।