

MLA Lalita Yadav: फाग उत्सव में झूमकर नाची विधायक, गाए गीत,बरसे फूल और हुई गुलाल की बौछार
राजेश चौरसिया की रिपोर्ट
छतरपुर। रविवार को छतरपुर विधायक ललिता यादव द्वारा होली के उपलक्ष्य में फाग उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें वे मातृशक्ति के साथ झूमकर नाचतीं नजर आईं। आयोजन के तहत शहर में विशाल रैली भी निकाली गई। इस दौरान विधायक ने सभी शहरवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।
दोपहर के वक्त सर्वप्रथम नगर पालिका कार्यालय में मातृशक्ति और विधायक के समर्थकों का एकत्रीकरण हुआ, जहां मंचीय कार्यक्रम में वृंदावन धाम से आए कलाकारों ने होली गीतों पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विधायक ललिता यादव ने छतरपुर नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया और मातृशक्ति के साथ जमकर होली खेली तथा नृत्य किया। उपस्थित जनसमूह पर गुलाल की वर्षा कर विधायक ने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद रैली का शुभारंभ हुआ जो नगर पालिका से छत्रसाल चौक, महल तिराहा, चौक बाजार, हटवारा, मऊ दरवाजा होते हुए बस स्टैंड पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में भी विधायक ललिता यादव ने जमकर नृत्य किया तथा शहरवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। विधायक द्वारा आयोजित फाग उत्सव में शहर के अलावा संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया।
●होली खेलने शहर में निकलीं विधायक ललिता यादव…
छतरपुर विधायक श्रीमती ललिता यादव रविवार को होली खेलने के लिए शहर में निकलीं। उनकी फ़ाग यात्रा में जमकर फूल बरसे और गुलाल की बौछार से सब सराबोर हो गए। इस दौरान विधायक और उनके साथ महिलाओं की टोली ने होली के गीत गाते हुए नृत्य भी किया। इस अवसर पर बृज के कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
यह फाग यात्रा शुरू होने के पहले नगर पालिका परिसर में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंच पर बृज के कलाकारों के मनोहारी नृत्य के साथ विधायक ललिता यादव होली के गीत गाते हुए शहरवासियों पर गुलाल की बौछार करतीं रहीं।
बृज के कलाकारों की नृत्य प्रस्तुतियों के साथ दोपहर बाद फ़ाग यात्रा नगर पालिका से शुरू होकर छत्रसाल चौक, महल तिराहा, चौक बाजार, हटवारा होकर बस स्टैंड स्थित फब्बारा चौक पहुंची जहां फ़ाग यात्रा का समापन हो गया। फ़ाग यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, जिला महामंत्री सुरेन्द्र चौरसिया, जयराम चतुर्वेदी, अशोक दुबे, अरविंद बुंदेला, अरविन्द्र त्रिपाठी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पार्षदगणों, स्नेहीजनो के साथ बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सहभागी बन कर होली खेली। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने विधायक को गुलाल लगाते हुए आत्मीय स्वागत किया। खास बात यह रही कि फाग यात्रा मे फूलों और गुलाल का ही उपयोग किया गया तथा रंग से परहेज किया गया। इस दौरान विधायक ने शहरवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।