मोदी का मध्यप्रदेश में मन, तो कांग्रेस का सूची पर मंथन…

मोदी का मध्यप्रदेश में मन, तो कांग्रेस का सूची पर मंथन…

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस अब पूरी तरह से सक्रिय हो गईं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दिल जहां ह्रदय प्रदेश में रम सा गया है, तो कांग्रेस नेता दिल्ली में डेरा डाल कर सभी 230 विधानसभा सीटों पर सर्वश्रेष्ठ चेहरों की तलाश में जुटे हैं। 16 सितंबर को बड़ी पत्रकार वार्ता का हवाला कांग्रेस के मध्यप्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला दे चुके हैं।

Prime Minister Narendra Modi Hindustan Times D 1673854873197 1673976961802 1673976961802

तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात देंगे। वह 14 सितंबर को सागर के बीना में रिफाइनरी पेट्रोकेमिकल प्लांट विस्तार प्रोजेक्ट का भूमिपूजन करेंगे। प्लांट पर 50 हजार करोड़ का निवेश हो रहा है।पीएम मोदी का 14 सितंबर को सागर के बीना और 25 सितंबर को भोपाल में आना तय है। बीना में मोदी 50 हजार करोड़ के पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट विस्तार का शुभारंभ करेंगे जबकि भोपाल में 10 लाख कार्यकर्ताओं के महाकुंभ को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 2013 से लेकर अब तक मध्यप्रदेश का 33वां दौरा है। तो इस चुनावी साल में मोदी का मध्यप्रदेश में छठा दौरा है। और आगामी 11 दिन में हो सकता है कि प्रधानमंत्री दो बार मध्यप्रदेश का दौरा और कर लें। कवायद फिलहाल चुनावी मानी जा सकती है, पर 2023 में कुछ भी गड़बड़ न हो इस पर मोदी-शाह की निगाहें हैं। लाड़ली बहनों और उज्जवला कनेक्शन लेने वाली बहनों को 450 रुपए प्रति माह एक सिलेंडर देने का सरकार का आदेश मोदी के बीना आगमन की पूर्व संध्या पर शिवराज सरकार का बड़ा फैसला है।

congress 6502 1024x683 1

उधर कांग्रेस की असली सूची आने से पहले ही सूची जारी होने की भ्रामक खबर ने हलचल मचा दी है। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा को यह सफाई देनी पड़ रही है कि कुछ सोशल मीडिया ग्रुप में मध्य प्रदेश कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी की सूची जारी होने की झूठी खबर फैलाई जा रही है। ना तो प्रत्याशियों की कोई सूची जारी हुई है ना ही मध्य प्रदेश कांग्रेस ने ऐसा ट्वीट किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि इस कूटरचित सूची को बनाने वालों पर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी। पर यह बात साफ है कि कांग्रेस 2023 के रण में उन चेहरों की तलाश में है, जो जिताऊ तो रहें पर बिकाऊ अवगुण से मुक्त रहें। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने साफ किया है कि सभी 230 विधानसभा सीटों पर बेहतर चेहरों की तलाश जारी है।

 

WhatsApp Image 2023 09 13 at 3.32.05 PM

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 सितंबर को बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे और विधि विधान के साथ बाबा महाकाल का पूजन अभिषेक किया। योगी की झलक पाकर लोग अब प्रसन्नता का अनुभव तो कर ही लेते हैं। तो 5 अक्टूबर को मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी की दस्तक की खबर ने कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है। लग ऐसा ही रहा है कि कांग्रेस प्रियंका के जरिए मतदाताओं पर जादू की छड़ी घुमाने की उम्मीद लगा रही है।

तो भाजपा का मानना है कि मध्य प्रदेश का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री 14 सितंबर को मध्य प्रदेश बुंदेलखंड की धरती पर पधार रहे हैं। यहां निवेश की अलग-अलग योजनाओं को मिलाकर 2 लाख करोड़ के निवेश के कामों का भूमि पूजन करेंगे। तो कांग्रेस का टिकट मंथन का 14 सितंबर को तीसरा दिन है। 15 सितंबर तक पहली सूची जारी करने की दिशा में कांग्रेस आगे बढ़ जाएगी। वहीं भाजपा का भी दूसरी सूची जारी करने पर मंथन जारी है। मध्यप्रदेश अब 2023 चुनावी मोड में पहुंच चुका है। अब भाजपा और कांग्रेस पूरी तरह से मैदान मारने में जुट गईं हैं।मोदी का मध्यप्रदेश में मन लगा हुआ है, तो कांग्रेस का सूची पर मंथन जारी है…।

Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।