मोदी ने भाजपा के दिग्गजों और नितिन नवीन सबको चेता दिया…

37

मोदी ने भाजपा के दिग्गजों और नितिन नवीन सबको चेता दिया…

कौशल किशोर चतुर्वेदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यानी अब भाजपा के सर्वेसर्वा। मोदी यदि किसी को अपना बॉस बोल भी दें तो भी सामने वाला यह समझता है कि वास्तव में उसकी हैसियत क्या है और यह भी भलीभांति जानता है कि असली बॉस कौन है? नितिन नवीन ने भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाला। तो पीएम मोदी ने कहा, “पार्टी में अब नितिन नवीन मेरे बॉस हैं।” यानी भाजपा के दिग्गजों के लिए इतना इशारा काफ़ी है कि कोई भी नितिन नवीन को उम्र या अनुभव के आधार पर आंकने की गलती न करे। नितिन नवीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर अब सबके बॉस हैं। इसे अंतःकरण से स्वीकार करने में ही सबकी भलाई है। और इसके साथ ही यह भी साफ हो गया है कि नितिन नवीन के साथ अब भाजपा का वास्तव में नवीन युग शुरू होने जा रहा है। नवीन की ऊर्जा का केन्द्र मोदी और शाह हो सकते हैं लेकिन नवीन अब सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को ऊर्जा देने का काम करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवीन को भी चुनौतियों से अवगत कराकर यह साफ कर दिया है कि उनकी पहली परीक्षा पश्चिम बंगाल और केरल में होने जा रही है। और यह दोनों राज्य अगर भाजपा के खाते में आ गए तभी भाजपा के लिए यह युग नवीन माना जाएगा। यानी मोदी के रडार पर सभी हैं। न काहू से दोस्ती, न काहू से बैर की तर्ज पर चरैवेति-चरैवेति मूल मंत्र के साथ मोदी भाजपा के सारथी बनकर सत्ता के रथ को लगातार विजय के रास्ते पर लेकर आगे बढ़ते जा रहे हैं। और यहाँ सारथी ही बॉस है। जिस तरह महाभारत में अर्जुन के सारथी के आगे सब नतमस्तक थे वैसे ही भाजपा के सारथी मोदी के आगे भी सब नतमस्तक से ही नजर आ रहे हैं।

तो नितिन नवीन ने भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाल लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और कहा, “पार्टी में अब नितिन नवीन मेरे बॉस हैं।” इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक इतिहास में 20 जनवरी का दिन एक नए अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। भाजपा मुख्यालय में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं नवीन को अध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान कराया, मिठाई खिलाकर बधाई दी और कार्यकर्ताओं के सामने स्पष्ट संदेश दिया कि ‘पार्टी के मामलों में अब नितिन नवीन मेरे बॉस हैं और मैं कार्यकर्ता हूं।’ यानी कि नितिन नवीन बॉस हैं और पार्टी में सभी खुद को कार्यकर्ता समझकर नितिन नवीन को अपना बॉस ही समझें। इसीलिए भाजपा को कैडर बेस पार्टी कहा जाता है। और यही कैडर बेस भाजपा की सफलता का राज भी है। और मोदी के इस प्रतीकात्मक वक्तव्य ने भाजपा की कार्यकर्ता-प्रधान संस्कृति और संगठनात्मक अनुशासन को स्पष्ट रूप से रेखांकित कर दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लगभग 40 मिनट के संबोधन में बार-बार नवीन को ‘माननीय’ कहकर संबोधित किया और कहा कि नए अध्यक्ष के सामने वह अपनी सरकार और संगठनात्मक प्रयासों का लेखा-जोखा प्रस्तुत कर रहे हैं। अब वे मेरी भी सीआर लिखेंगे। प्रधानमंत्री के इस बयान को कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ सराहा। मोदी ने कहा कि भाजपा में नेतृत्व बदलता है, लेकिन दिशा और सिद्धांत नहीं बदलते। अध्यक्ष पद केवल संगठन के संचालन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एनडीए के सहयोगी दलों के साथ समन्वय, कार्यकर्ताओं का मनोबल और भविष्य की रणनीति तय करने का भी दायित्व है। उन्होंने भरोसा जताया कि नवीन के ऊर्जावान नेतृत्व में पार्टी और अधिक सशक्त होगी तथा राष्ट्रसेवा और जनसेवा के अपने संकल्प को नई गति देगी। मोदी ने नए अध्यक्ष को युवा ऊर्जा और संगठनात्मक अनुभव का अनूठा संगम बताया और कहा कि नवीन उस पीढ़ी से आते हैं, जिसने बचपन में रेडियो पर समाचार सुने और आज एआई जैसे उपकरणों का उपयोग कर रही है। मोदी ने नितिन नवीन को अपनी स्टाइल में समझाते हुए कहा कि केरल में भी आज बीजेपी के करीब 100 पार्षद हैं… केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम की जनता ने मेयर चुनाव में 45 साल बाद लेफ्ट से सत्ता छीनी और भाजपा पर भरोसा किया। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भी लोग केरल में बीजेपी को अवसर जरूर देंगे।

पंचायत चुनाव के नतीजों की याद दिलाकर मोदी ने नितिन नवीन को केरल चुनाव का टास्क थमाया, और घुसपैठियों के बहाने ये भी समझा दिया कि पश्चिम बंगाल चुनाव उनके सामने सबसे बड़ा चैलेंज है।

तो आगामी विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए नवीन ने बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने सनातन परंपराओं, सांस्कृतिक आस्था और राष्ट्रीय एकता से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संघर्ष और परिश्रम से हर चुनौती का सामना करेंगे। यानी मोदी ने अपनी स्टाइल में दिग्गजों -भाजपा कार्यकर्ताओं और नए राष्ट्रीय अध्यक्ष सभी को चेता दिया। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पदभार ग्रहण करने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आश्वस्त करते नजर आए कि वह अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए तैयार हैं…।

 

 

लेखक के बारे में –

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।

वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।