बूथ कार्यकर्ताओं के कान में मोदी फूकेंगे विजय मंत्र…

Pension Rule

बूथ कार्यकर्ताओं के कान में मोदी फूकेंगे विजय मंत्र…

अमेरिका की राजकीय यात्रा की उपलब्धियों और मिस्र का सर्वोच्च सम्मान हासिल कर स्वदेश लौटे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 जून 2023 को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में विजयी मुस्कान बिखेरेंगे। शिवराज सरकार का विकास और विष्णु नेतृत्व में मजबूत बूथ की संगठन की देश में श्रेष्ठ उपलब्धि ही मोदी की बूथ कार्यकर्ताओं संग संवाद का मुख्य आधार रहेगी। और मोदी खुद मध्यप्रदेश को एक दिन में दो-दो वंदेभारत ट्रेन की सौगात देकर यही साबित करेंगे कि ह्रदय प्रदेश उनके भी दिल में बसा है। यह तय है कि भोपाल से इंदौर और रानी कमलापति स्टेशन से जबलपुर चलने वाली यह वंदेभारत ट्रेनें प्रदेश के नागरिकों को अपना मुरीद तो जरूर बनाएंगी, पर कितना यह वक्त बताएगा। मानसूनी बारिश के चलते हालांकि मोदी को अपना शहडोल दौरा और भोपाल का रोड शो रद्द करना पड़ा, लेकिन एक जुलाई की नई तारीख भी इतनी जल्दी मिल जाना भी मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार और भाजपा संगठन की बड़ी उपलब्धि है। इससे यह बात साफ है कि आगामी समय में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश केंद्रीय‌ संगठन और मोदी सरकार की प्राथमिकता में है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी बूथ कार्यकर्ताओं संग संवाद में मोदी के साथ रहेंगे।
सरकार की बात करें तो इस विधानसभा चुनाव में लाड़ली बहना योजना उम्मीदों पर खरा उतरेगी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस बात को लेकर मोदी को पूरी तरह से आश्वस्त कर चुके हैं। इसके अलावा चाहे कर्मचारी-अधिकारी हों या प्रदेश के दूसरे सभी वर्ग, शिवराज ने अपने चुनावी बक्से में सबको खुश करने की पोटलियां बांध रखी हैं, यह भरोसा भी वह मोदी को तो दिला ही चुके होंगे। और कोई बड़ी बात नहीं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओल्ड पेंशन स्कीम के सबसे बड़े टेंशन को खत्म करने का मंत्र भी शिवराज के कान में फूंक जाएं। या फिर बूथ कार्यकर्ताओं के सामने घोषणा ही कर जाएं या फिर एक जुलाई को आकर जनता के सामने ही मन की बात कहें। जिस तरह कांग्रेस के चुनावी पंच नारी सम्मान योजना पर शिवराज ने पूरे बल के साथ आघात किया था और सवा करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में एक हजार रुपए तो डाले ही थे, पर यह राशि तीन हजार रुपए प्रति माह तक बढ़ाने का मास्टर स्ट्रोक भी जड़ दिया था। आगे भी शिवराज विधानसभा चुनाव के लिए बनाए जीत के ब्ल्यूप्रिंट पर अपने फिंगरप्रिंट चस्पा कर और मतदाताओं-नागरिकों को हरसंभव संतुष्टि प्रदान कर ही राहत की सांस लेंगे। यही राहतें शिवराज के उस आत्मविश्वास का आधार है, कि वह नौकरशाहों को नसीहत दे देते हैं कि चिंता मत करो और काम करते रहो क्योंकि चार महीने बाद भी सरकार में हम ही रहेंगे।
हालांकि प्रधानमंत्री के भोपाल आगमन का संगठनात्मक उद्देश्य बूथ कार्यकर्ताओं से डिजिटली संवाद कर यह भरोसा दिलाना है कि मध्यप्रदेश का संगठन सर्वश्रेष्ठ है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का दावा है कि देश के राजनैतिक इतिहास में यह इस तरह का पहला कार्यक्रम है। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के लिए 27 जून का दिन गौरव और सौभाग्य का दिन है। संगठन की सबसे छोटी इकाई बूथ को प्रधानमंत्री मोदी “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” अभियान के तहत देश भर के 543 लोकसभाओं से 10 लाख एवं मध्यप्रदेश के 64100 बूथों के करोड़ों कार्यकर्ताओं को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में डिजिटली मार्गदर्शन देंगे। देश के विभिन्न प्रदेशों की विधानसभा क्षेत्रों से 3 हजार चयनित कार्यकर्ता जिन्होंने बूथ सशक्तिकरण अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है वे भोपाल पहुंचे हैं। इनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीधा संवाद करेंगे।
संगठन के लिए दुःख की बात यह है कि कार्यकर्ता चाहते थे कि रोड शो के माध्यम से ’’मध्यप्रदेश के मन में मोदी’’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया जाए। लेकिन मौसम की प्रतिकूलता के कारण और मौसम विभाग द्वारा आगामी दो दिन में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रधानमंत्री के रोड शो का कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा। संगठन के लिए यह खास सौगात है कि उनके नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जिन्होंने संगठन को एक नए स्वरूप में मजबूती देने का काम किया है, हमारा नेतृत्व इतना सशक्त और ताकतवर है कि आज हमारे नेतृत्व के साथ दुनिया का और देश का विश्वास है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लगातार विकास का मॉडल बना है। गरीब कल्याण की योजनाओं और संगठन की मजबूती के साथ ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ संकल्प के आधार पर 2023 में भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश में जीत का इतिहास बनाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर वंदे मध्यप्रदेश का संदेश देंगे, तो  ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ अभियान के तहत देश भर के बूथ विस्तारकों से डिजिटली संवाद कर जीत का भरोसा जगाएंगे। वैसे यह बात सौ फीसदी सच है कि यह विधानसभा चुनाव मजबूत बूथ, यूथ‌ संग विकास के दम पर ही अपना फैसला सुनाने वाले हैं। इसमें विकास की सहभागिता उसी तरह रहेगी जैसे डबल इंजन की सरकार का हवाला देकर भाजपा मतदाताओं को रिझाती है। बात इतनी ही है कि बूथ कार्यकर्ताओं के कान में मोदी संगठन में सर्वश्रेष्ठ मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से विजय मंत्र फूंकने वाले हैं…।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।