Monalisa Marriage Dispute: निर्देशक सनोज मिश्रा ने जताई नाराजगी, कहा—यह बगावत नहीं, लव जिहाद!  

92

Monalisa Marriage Dispute: निर्देशक सनोज मिश्रा ने जताई नाराजगी, कहा—यह बगावत नहीं, लव जिहाद!

खरगोन : महाकुंभ में वायरल होने के बाद चर्चा में आई मोनालिसा भोंसले के आज प्रेमी फरमान खान से विवाह को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने इस पूरे मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह कोई बगावत नहीं बल्कि “लव जिहाद” का मामला है। उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा के करियर को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी, लेकिन घटनाक्रम ने उन्हें मानसिक रूप से आहत कर दिया है।

IMG 20260312 WA0007

अभिनेत्री बनने की राह पर चल रही मोनालिसा ने अपने प्रेमी फरमान खान के साथ केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित थम्पानूर पुलिस स्टेशन पहुंचकर पुलिस से मदद मांगी और बाद में मंदिर में जाकर आज उससे शादी कर ली।

बताया जा रहा है कि मोनालिसा और फरमान खान के बीच करीब डेढ़ साल पहले फेसबुक के माध्यम से बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनका रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया।

मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा कि महाकुंभ के दौरान मोनालिसा का वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने उसकी सादगी और व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उसे अपनी फिल्म में अभिनेत्री बनाने का फैसला किया था। उन्होंने बताया कि उस समय देश-दुनिया में इस निर्णय का स्वागत हुआ था। हालांकि, उनके अनुसार कुछ विरोधियों को यह बात पसंद नहीं आई और उन पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें जेल भेज दिया गया।

उन्होंने कहा कि जेल में रहते हुए भी उन्होंने अपनी फिल्म की कहानी लिखी और बाद में फिल्म पूरी की। मिश्रा का दावा है कि मोनालिसा के करियर को बनाने के लिए उन्होंने काफी आर्थिक और व्यक्तिगत प्रयास किए, यहां तक कि फिल्म को पूरा करने के लिए उन्होंने बड़ा कर्ज भी लिया।

मिश्रा ने यह भी कहा कि मोनालिसा का पारिवारिक जीवन काफी जटिल रहा है और उसने कई बार अपने निजी संघर्षों के बारे में उनसे चर्चा की थी। उनके अनुसार मोनालिसा अपने परिवार की परिस्थितियों को लेकर भावुक रहती थी और कई बार उसने अपनी भावनाएं उनसे साझा की थीं।

निर्देशक ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने मोनालिसा को उनके प्रभाव से दूर करने की कोशिश की और उसे अलग दिशा में प्रभावित किया। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों को उन्होंने मोनालिसा की पढ़ाई और प्रशिक्षण के लिए जोड़ा था, उनमें से कुछ ने बाद में उनके विश्वास को तोड़ा।

मिश्रा के अनुसार वर्तमान घटनाक्रम ने उन्हें गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि जिस लड़की को उन्होंने आगे बढ़ाने की कोशिश की, आज उसी के फैसले ने उन्हें जवाब देने की स्थिति में नहीं छोड़ा है।

मोनालिसा भोंसले मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर के वार्ड नंबर 9 में अपने परिवार के साथ रहती हैं। वह पारदी समुदाय से संबंध रखती हैं, जो पारंपरिक रूप से अलग-अलग जगहों पर घूमकर रुद्राक्ष और पत्थर की मालाएं बेचने का काम करता है। इस समुदाय को करीब चार दशक पहले इस वार्ड में बसाया गया था।

प्रयागराज के महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचते समय उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद वह इंटरनेट सेंसेशन बन गईं। उनकी लोकप्रियता से प्रभावित होकर फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा ने उन्हें अपनी नई फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर में मुख्य अभिनेत्री के रूप में साइन किया। उन्होंने जी जान लगाकर मोनालिसा को अभिनय सीखने में भी भरपूर मदद की।