MP का 26 साल का जवान सियाचिन में शहीद:माइनस 30 डिग्री में ड्यूटी पर आया हार्ट अटैक

1158

 देश की रक्षा के लिए  सियाचिन में तैनात मध्यप्रदेश का बेटा शहीद हो गया। सियाचिन ग्लेशियर हिमालय की पूर्वी काराकोरम पर्वतमाला में भारत-पाक नियंत्रण रेखा के पास लगभग स्थित एक हिमानी है। यह काराकोरम की पांच बड़े हिमानियों में सबसे बड़ा और ध्रुवीय क्षेत्रों के बाहर विश्व की दूसरी सबसे बड़ा ग्लेशियर है।दुश्मन तो उसका बाल भी बांका नहीं कर सके, लेकिन वहां के विपरित हालत में अपना कर्तव्य निभाते हुए वह वतन पर मर मिटा। ये जवान माइनस 30 डिग्री तापमान में वतन की हिफाजत के लिए तैनात था।

download 21

 

शिवपुरी जिले के रहने वाले जवान अमर शर्मा अब अमर हो गए। 26 साल के अमर शर्मा सियाचिन में तैनात थे। जहां हाड़ कंपा देने वाली ठंडी (-30 डिग्री) में वह दुश्मनों से देश की रक्षा के लिए डटे हुए थे। ड्यूटी के दौरान हॉर्ट अटैक से उनका निधन हो गया।

शहीद जवान अमर शर्मा शिवपुरी के सिरसौद के खरई भाट के रहने वाले थे। जैसे ही उनके शहीद होने की खबर पहुंची, ना केवल शहीद के घर और गांव, बल्कि पूरे इलाके में मातम छा गया। हर किसी की आंखों में आंसू थे। आंखें भले ही भींगी थी, लेकिन चेहरे से अपने लाल का देश के लिए शहीद होने पर गर्व का भाव भी छलक रहा था। परिजनों को बुधवार शाम आर्मी हेड क्वार्टर से बेटे के निधन की सूचना मिली थी। जिसके बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

अमर शर्मा का जन्म 1996 को खरई भाट गांव में हुआ था। उनके 2 भाई हैं, सतेंद्र शर्मा (24) और अरुण शर्मा (22)। अमर के पिता पेशे से किसान हैं। अमर ने 2015 में छतरपुर में सेना की भर्ती दी थी। जबलपुर में ट्रेनिंग के बाद गुवाहाटी में पहली पोस्टिंग मिली थी। 2 साल बाद अमर की पोस्टिंग लद्दाख के सियाचिन में हुई थी। 2 साल पहले 2020 में अमर की शादी हुई थी।

अमर के पिता सियाराम शर्मा ने बताया कि 9 नवंबर को कई महीनों बाद अमर घर आने वाला था। अमर से मंगलवार को दिवाली के दिन फोन पर बात हुई थी। घर आने के लिए अमर काफी उत्साहित था। 2 महीने के लिए उसे छुट्‌टी मिली थी। अमर की पोस्टिंग भी चेंज हो चुकी थी। छुट्‌टियां बिताने के बाद उसे पठानकोट में ज्वाइन करना था। अमर के ताऊ जी का बेटा पवन शर्मा भी आर्मी में था। 7 साल पहले उनकी भी शहादत हो गई थी। शहीद अमर के पिता का कहना है कि अमर का छोटा भाई भी आर्मी की तैयारी कर रहा है।

शुक्रवार को आएगा जवान का पार्थिव शरीर

अमर का पार्थिव शरीर 28 अक्टूबर को दोपहर तक शिवपुरी आ सकता है। अमर का अंतिम संस्कार खरई भाट में ही किया जाएगा। उनके निधन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की ओर से शिवपुरी एसडीएम गणेश जायसवाल ने अमर के घर जाकर संवेदनाएं व्यक्त की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।