MP Assembly: शिव की जगह गोपाल, राम की जगह लखन, सदन में बदला-बदला नजर आया नजारा

191

MP Assembly: शिव की जगह गोपाल, राम की जगह लखन, सदन में बदला-बदला नजर आया नजारा

भोपाल:मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार एक जुलाई से शुरु हो गया। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार हो रही विधानसभा की बैठक में सदन के भीतर का नजारा बदला-बदला नजर आया। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सीट पर वरिष्ठ भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव बैठे नजर आए वहीं प्रमुख विपक्षी दल में कांग्रेस के सदस्यों को आवंटित विधायक रामनिवास रावत की सीट पर कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया बैठे नजर आए। वहीं विधायक निर्मला सप्रे अब 208 नंबर की सीट पर पहुंच गई है।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा संसदीय सीट से चुनाव लड़कर केन्द्रीय मंत्रिमंडल में कृषि मंत्री बन चुके है। उन्होंने 18 जून 2024 को सोलहवी विधानसभा के लिए निर्वाचन क्षेत्र 156 बुधनी विधानसभा से अपना त्यागपत्र 18 जून को दे दिया था। उनके त्यागपत्र दिए जाने के बाद विधानसभा में उनकी सीट रिक्त हो गई थी। इस स्थान पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव को स्थान आवंटित कर दिया गया है। अब इस्तीफे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लंबे अर्से बाद विधानसभा में सदन के भीतर आसन पर बैठे नजर नहीं आएंगे।

वहीं कांग्रेस सदस्यों को सदन के भीतर आवंटित सीटों पर भी कुछ बदलाव किया गया है। विधायक रामनिवास रावत की सीट कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया को आवंटित कर दी गई है। गौरतलब है कि कांग्रेस के दो विधायक भाजपा में शामिल हो गए है हालाकि उन्होंने अभी कांग्रेस की सीट पर जीती विधानसभा सीटों से त्यागपत्र नहीं दिया है। लेकिन कांग्रेस विधायक दल की ओर से यह मांग आई थी कि रामनिवास रावत और निर्मला सप्रे की सीट बदली जाए। इसलिए निर्मला सप्रे को 208 नंबर सीट आवंटित की गई है। रामनिवास रावत को भाजपा की ओर 120 नंबर की सीट आवंटित की गई है। वे गिरीश गौतम के बगल वाली सीट पर पहुंच गए है। वहीं निर्मला सप्रे की सीट पर अब कांग्रेस विधायक बैठेंगे।