BJP Core Committee Meeting: 2023 में MP का चुनाव जीतने के फार्मूलों पर आज दिल्ली में बैठक

मंत्रिमंडल पुनर्गठन और राज्यसभा की खाली होने वाली सीटों पर भी चर्चा

691

New Delhi : मध्य प्रदेश बीजेपी कोर कमेटी की आज दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक हो रही है। संघ और बीजेपी संगठन के बीच समन्वय कायम करना इस बैठक का मुख्य एजेंडा होगा। बैठक का लब्बो लुआब ये है कि 2023 का विधानसभा चुनाव कैसे जीता जाए! इसके अलावा मंत्रिमंडल पुनर्गठन और राज्यसभा की खाली हो रही सीटों पर किसे भेजा जाए इसे भी प्रमुख विषय माना जा रहा है।

मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार के कामकाज का आकलन होने की संभावना व्यक्त की गई है। सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर BJP के नेता और RSS पदाधिकारी चर्चा करेंगे। मध्य प्रदेश बीजेपी में इस बैठक को लेकर सियासी अटकलें तेज है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली पहुंच गए हैं।                                                  IMG 20220428 WA0044

यह बैठक राज्य में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव पर चर्चा के लिए बुलाई गई है। इसमें संगठन और सरकार के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। कैबिनेट विस्तार और निगम बोर्डों में नियुक्तियों पर भी चर्चा होने की संभावना है। समझा जा रहा है कि 3 से 4 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं और इतने ही मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। जोबट से उपचुनाव जीतने वाली सुलोचना रावत, विंध्य के कद्दावर नेता राजेन्द्र शुक्ला और जबलपुर के नेता अजय विश्नोई के नाम पर चर्चा होने के आसार हैं।

शिवराज सिंह चौहान के अलावा राज्य के बड़े बीजेपी नेता गुरुवार को समन्वय बैठक के लिए नई दिल्ली पहुंच गए। प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा एक दिन पहले ही दिल्ली आ गए। यहां उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात को नए संदर्भो में देखा जा रहा है।

बीजेपी कोर ग्रुप की RSS के साथ हो रही इस समन्वय बैठक को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक से पहले शिवराज सिंह चौहान, जेपी नड्डा और संग़ठन महामंत्री बीएल सन्तोष के बीच मुलाकात हुई। बैठक में प्रदेश बीजेपी के कोर ग्रुप के नेता, RSS पदाधिकारियों के अलावा गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है।