
MP BJP’s New Executive: हेमंत खंडेलवाल की नई टीम में इंदौर के 4 दिग्गज नेताओं की एंट्री
इंदौर से कीर्ति कापसे की विशेष राजनीतिक रिपोर्ट
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है, जिसमें इंदौर से तीन प्रभावशाली नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस निर्णय को संगठनात्मक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है। नई टीम में गौरव रणदिवे, डॉ. निशांत खरे और जयपाल सिंह चावड़ा को प्रमुख भूमिकाएं दी गई हैं, जबकि शैलेन्द्र बरुआ को भी प्रदेश स्तर पर स्थान मिला है।
गौरव रणदिवे बने प्रदेश महामंत्री
इंदौर महानगर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष गौरव रणदिवे को पार्टी ने प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। रणदिवे की यह नियुक्ति उनके लिए एक बार फिर सशक्त वापसी के रूप में देखी जा रही है। पिछले कुछ महीनों से वे संगठन में सक्रिय भूमिका से बाहर थे, लेकिन अब उनकी टीम और समर्थकों में उत्साह है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से इंदौर भाजपा में गुटीय संतुलन कायम होगा। साथ ही पार्टी ने इस फैसले से महाराष्ट्रीयन समाज को भी मजबूत प्रतिनिधित्व दिया है। उल्लेखनीय है कि सुमित्रा महाजन और कृष्णमुरारी मोघे के बाद इस समाज का नेतृत्व लगभग शून्य स्थिति में था, जिसे रणदिवे की वापसी ने फिर से सक्रिय किया है।
डॉ. निशांत खरे बने प्रदेश उपाध्यक्ष
युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। डॉ. खरे संघ की पृष्ठभूमि से जुड़े नेता हैं और लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय हैं। वे इंदौर के वार्ड क्रमांक 5 से टिकट के मजबूत दावेदार रहे हैं, साथ ही महापौर पद के लिए भी उनका नाम चर्चा में रहा था। वे वनवासी वर्ग और जनजातीय क्षेत्रों में संगठनात्मक काम के लिए जाने जाते हैं। पार्टी में उन्हें एक ऊर्जावान और विचारधारा से प्रतिबद्ध कार्यकर्ता के रूप में देखा जाता है। उनकी नियुक्ति से युवा वर्ग और जनजातीय क्षेत्र दोनों में पार्टी की पकड़ मजबूत होने की संभावना है।
जयपाल सिंह चावड़ा को किसान मोर्चा की कमान
इंदौर संभाग के पूर्व संगठन मंत्री और इंदौर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा को किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मूल रूप से देवास जिले से संबंध रखने वाले चावड़ा का स्थायी निवास अब इंदौर में है। वे संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं और किसान वर्ग में उनकी मजबूत पकड़ है। 5 नंबर विधानसभा क्षेत्र से वे टिकट के दावेदार भी रहे हैं। पार्टी में उनकी छवि एक जमीनी कार्यकर्ता और रणनीतिक नेतृत्व वाले व्यक्ति के रूप में जानी जाती है। किसान मोर्चा की जिम्मेदारी मिलना उनके अनुभव और कार्यशैली की मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।
शैलेन्द्र बरुआ को भी प्रदेश स्तर पर मिली जिम्मेदारी
इंदौर संभाग के पूर्व संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरुआ को भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वे पूर्व में पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष रह चुके हैं। मूल रूप से भिंड जिले के निवासी बरुआ इंदौर संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं और उनका नाम विधानसभा टिकट की दौड़ में भी रहा है। संगठन में वे अपनी रणनीतिक सोच और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।
संतुलन और संदेश दोनों स्पष्ट
हेमंत खंडेलवाल की नई टीम में इंदौर को मिले इन 4 प्रमुख पदों ने यह संदेश दिया है कि पार्टी आने वाले समय में इंदौर को संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से केंद्र में रखकर काम करेगी। नई नियुक्तियाँ न केवल गुटीय संतुलन का संकेत हैं, बल्कि यह भी दर्शाती हैं कि भाजपा नेतृत्व उन नेताओं को फिर से प्रमुखता दे रहा है जिन्होंने संगठन के लिए लगातार मेहनत की है।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि यह टीम अनुभव, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और संगठनात्मक मजबूती का संतुलित मिश्रण है, जो भाजपा को आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए सशक्त आधार प्रदान करेगी।




