MP Cabinet Expansion : आज और कल फिर मंत्रिमंडल के नामों पर मंत्रणा होगी, कोई नया फार्मूला निकाला जाएगा!

CM आज वीडी शर्मा के साथ दिल्ली जाएंगे, BJP सांसदों को रात्रि भोज देंगे!

535

MP Cabinet Expansion : आज और कल फिर मंत्रिमंडल के नामों पर मंत्रणा होगी, कोई नया फार्मूला निकाला जाएगा!

Bhopal : प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के साथ मंत्रिमंडल कैसा हो, इस मुद्दे पर आज और कल (21 और 22 दिसंबर) को फिर दिल्ली में बैठक हो रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की मंत्रणा में निकलने वाले निष्कर्ष के बाद ही शपथ विधि होगी। जबकि, 17 दिसंबर को भी इस मुद्दे पर बैठक हुई थी और तय नाम वाले मंत्रियों को 19 दिसंबर को शपथ लेना था, पर अचानक अड़ंगा आ गया।

सूत्रों के मुताबिक, दो ऐसे मुद्दे है जिन पर आज और कल की बैठक में विचार होगा। एक है चुनाव जीतने वाले सांसदों की भूमिका क्या हो और दूसरा लोकसभा चुनाव के नजरिए से मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व दिया जाना। इस पर 17 दिसंबर की बैठक में भी मंथन हुआ था, पर बाद में इस पर असहमति सामने आ गई और मामला अटक गया।

बताते हैं कि मुख्यमंत्री की लाइन में सबसे आगे दिखाई दे रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल की भूमिका अभी तक तय नहीं हो सकी है। अब जबकि मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री भी शपथ ले चुके है प्रहलाद पटेल को कैसे एडजस्ट किया जाए कि उनकी वरिष्ठता का भी सम्मान हो ये सबसे बड़ा सवाल है। इसी तरह पूर्व सांसद राकेश सिंह, रीति पाठक और राव उदयप्रताप सिंह का भी मसला है जिसका हल दो दिन की बैठक में निकाला जाना है। इसके साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय महामहासचिव के साथ अब विधायक बने कैलाश विजयवर्गीय की भूमिका भी तय होना है। यह भी कहा जा रहा है कि उन्हें प्रदेश संगठन का मुखिया बनाने पर भी बातचीत होगी। क्योंकि, यदि कैलाश विजयवर्गीय को मंत्री बनाया जाता है, तो इंदौर-2 से तीन बार जीतने वाले विधायक रमेश मेंदोला को मंत्री बनाने में पेंच आएगा।

IMG 20231221 WA0010

इसके अलावा जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण भी तय होना है। क्योंकि, लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी कोई रिस्क लेने के मूड में नहीं है। ऐसे में पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व नए समीकरण साध रहा है। भाजपा नेतृत्व लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर जातिगत और क्षेत्रीय आधार पर मंत्रियों के नाम तय करना चाह रहा है। लेकिन, संतुलन नहीं बन पा रहा। एक लोकसभा क्षेत्र से एक मंत्री के फॉर्मूले पर भी विमर्श चल रहा है। इस बार मंत्रिमंडल की सूची में लोकसभा चुनाव का असर देखने को मिल सकता है। प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी एक-एक विधायक को मंत्री बना सकती है। अब ये देखना है कि मंत्रियों की अंतिम सूची में किस किसका नंबर लगता है!

*सांसदों को रात्रि भोज*

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ दिल्ली जाएंगे। पार्टी के बड़े नेताओं के साथ मंत्रणा करने के अलावा वे भाजपा सांसदों को रात्रि भोज भी देंगे।