MP Congress: नए फार्मूले में उप ब्लॉक के आधार पर बढ़ेंगे 300 से ज्यादा नगर अध्यक्ष

50

MP Congress: नए फार्मूले में उप ब्लॉक के आधार पर बढ़ेंगे 300 से ज्यादा नगर अध्यक्ष

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करने जा रही है। अब तक प्रदेश में 50 से 60 के आसपास ही नगर अध्यक्ष बनाए जाते थे, लेकिन नए फार्मूले के तहत यह संख्या तेजी से बढ़ने वाली है। पार्टी ने तय किया है कि जिन उपब्लॉकों का दायरा बड़ा है, वहां अलग से नगर अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद प्रदेश में नगर अध्यक्षों की संख्या तीन सौ के पार पहुंच सकती है। हाल ही में कांग्रेस ने 88 नगर अध्यक्ष बनाए हैं। इससे पहले उन नगरों में अध्यक्ष बनाए गए थे, जहां पर उनके पद पूर्व से हैं। अब लगभग डेढ़ सौ से दो सौ के बीच और नगर अध्यक्ष बनाए जाने हैं।

प्रदेश कांग्रेस संगठन ने इस संबंध में सभी जिलों से विस्तृत जानकारी मांगी है। जिलों से पूछा गया है कि उनके यहां कितने उप ब्लॉक ऐसे हैं, जो क्षेत्रफल में बड़ा हैं और अलग नगर अध्यक्ष की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसके साथ ही जिलों से संभावित नाम भी मांगे गए हैं, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सके।

सूत्रों के मुताबिक, नए फार्मूले के बाद लगभग हर जिले में 4 से 5 नए नगर अध्यक्ष बढ़ सकते हैं। जिन जिलों में उपब्लॉक का आकार बड़ा है या जहां की जनसंख्या विस्तार तेजी से हुआ है, वहां नगर अध्यक्षों की संख्या और ज्यादा हो सकती है। पार्टी का मानना है कि इससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और स्थानीय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी मिलेगी।

प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने बताया कि कई जगहों पर एक ही पदाधिकारी के जिम्मे बहुत बड़ा क्षेत्र आ जाता था, जिससे संगठनात्मक गतिविधियां प्रभावी ढंग से नहीं चल पाती थीं। नए ढांचे के तहत छोटे-छोटे क्षेत्रों में अलग जिम्मेदारी तय होगी, जिससे कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ेगी। कांग्रेस ने जिलों से यह जानकारी जल्द भेजने को कहा है। इसके बाद प्रदेश स्तर पर नामों की छटनी कर सूची तैयार की जाएगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार मार्च महीने में ही सभी नगर अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी जाएगी।