MP Mahatma Gandhi Award: ‘गायत्री परिवार’ और ‘भटके विमुक्त विकास प्रतिष्ठान’ सम्मानित होंगे

दोनो संस्थाओं को 10-10 लाख रुपए की आयकर मुक्त सम्मान राशि मिलेगी

1085

 

 

भोपाल। मध्य प्रदेश का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान इस बार वर्ष 2019 के लिए ‘अखिल गायत्री परिवार’ को और वर्ष 2020 के लिए ‘भटके विमुक्त विकास प्रतिष्ठान’ को देने की घोषणा की गई। नई दिल्ली में आयोजित बैठक में यह निर्णय किया गया। यह सम्मान 2 अक्टूबर को भोपाल में प्रदान किया जाएगा।
राज्य के संस्कृति संचालक अदिति त्रिपाठी ने बताया कि  मध्यप्रदेश शासन द्वारा गांधी विचार दर्शन के अनुरूप कार्य करने वाली संस्था को सम्मानित करने के क्षेत्र में राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान प्रदान किया जाता है। इस सम्मान के तहत संस्था को 10 लाख रुपए की आयकर मुक्त सम्मान राशि, सम्मान पट्टिका, शॉल और श्रीफल प्रदान किया जाता है। राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान किसी भी संस्था को प्रदान किया जाने वाला मध्यप्रदेश का यह सबसे बड़ा सम्मान है। गत दिनों इस सम्मान की चयन समिति की बैठक नई दिल्ली में आयोजित की गई, जिसमें वर्ष 2019 और वर्ष 2020 के सम्मानों की अनुशंसा समिति द्वारा की गई।
वर्ष 2019 के इस राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान से हरिद्वार में स्थापित ‘अखिल गायत्री परिवार’ और वर्ष 2020 के इस सम्मान से मोरीबली (ठाणे) में स्थापित संस्था ‘भटके विमुक्त विकास प्रतिष्ठान ‘ को दिया जाएगा। अखिल विश्व गायत्री परिवार हरिद्वार में स्थापित नारी जागरण, युवा जागरण, कुटीर उद्योग प्रशिक्षण, इत्यादि अन्य विषयों के लिए सक्रिय संस्था है जिसकी अनगिनत शाखाएँ पूरे देश में है। मुख्यतः यह परिवार जीवन जीने की कला संस्कृति के आदर्श सिद्धांतों के आधार पर परिवार, समाज, राष्ट्र निर्माण करने वाले व्यक्तियों का संगठन है।
इसी प्रकार भटके विमुक्त विकास प्रतिष्ठान का मुख्य उद्देश्य समाज में भटके हुए लोगों को अपने अहंकार से मुक्ति दिलाकर समाज के विकास में बराबर का भागीदार बनाना और अपने सामाजिक कर्तव्य के प्रति समाज को जागृत कर, सामाजिक दृष्टिकोण से संबल बनाना है। इस वर्ष भी राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान अलंकरण 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर रविंद्र भवन भोपाल में शाम 6.30 बजे समारोहपूर्वक आयोजित किया जाएगा।