
MP News: 3 राज्यों के 55 युवा विधायक सोमवार से जुटेंगे भोपाल में, विकसित भारत में चुनौतियां और लोक तंत्र में मजबूत भागीदारी पर मंथन
भोपाल।मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के 55 युवा विधायक सोमवार को राजधानी भोपाल में विधानसभा में एक साथ साथ जुटेंगे। विधानसभा में होंने जा रहे दो दिवसीय युवा विधायक सम्मेलन में ये सभी मंथन करेंगे।
मध्य प्रदेश विधानसभा में युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन 30 और 31 मार्च के आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में राष्ट्रकुल संसदीय संघ (भारत क्षेत्र 6) के तीन राज्यों मध्य प्रदेश के 18, छत्तीसगढ़ के 15 तथा राजस्थान के 22 युवा विधायक सम्मिलित होंगे।
30 मार्च को आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन के प्रथम दिवस ‘लोकतंत्र में नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करने हेतु युवा विधायकों की भूमिका’ विषय पर मंथन होगा। प्रथम दिवस माखनलाल चतुवेर्दी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी भी युवा विधायकों को संबोधित करेंगे।
सम्मेलन के दूसरे दिन 31 मार्च को ‘विकसित भारत 2047- युवा विधायकों के दायित्व एवं चुनौतियां’ विषय पर मंथन होगा। इस दिन अन्य सत्रों के अलावा एमआईटी पूना के चेयरमैन डॉ. राहुल वी. कराड का संबोधन होगा।
समापन समारोह में राज्य सभा के उप सभापति हरिवंश उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर,राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष सहित मध्य प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समापन सत्र में 31 मार्च को राज्यसभा के उपसभापति भी मौजूद रहेंगे।





