MP News: तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, 3 साल के मासूम की मौत..

127

MP News: तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, 3 साल के मासूम की मौत..

छतरपुर। नौगांव थाना क्षेत्र में बापू डिग्री कॉलेज के पास गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने साइड से ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान रिक्शा के नीचे दबकर 3 साल के मासूम की मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल नौगांव अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन बच्चे को निजी अस्पताल भी ले गए, जहां से भी उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 3 वर्षीय नैतिक कुशवाहा, पिता सुक्कू कुशवाहा, निवासी ग्राम सीगोंन, थाना अजनर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नैतिक अपनी मां के साथ ई-रिक्शा से नौगांव से दोरिया की ओर जा रहा था। रिक्शा में दो अन्य सवारियां भी थीं, जिन्हें कोई चोट नहीं आई, लेकिन मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।

जिला अस्पताल में बच्चे की मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, टक्कर मारने वाली कार का चालक नौगांव स्थित बापू डिग्री कॉलेज का शिक्षक बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। तो वहीं अस्पताल में बच्चे का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।