
MP News: अज्ञात वाहन की टक्कर से कार कई बार पलटी, पति की मौत; पत्नी और साला घायल..
छतरपुर: पन्ना जिले के अमानगंज निवासी एक परिवार के साथ सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। झांसी–खजुराहो फोरलेन पर बागेश्वर धाम तिराहे के पहले अज्ञात वाहन की टक्कर से आल्टो कार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे में 30 वर्षीय शिवम विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मनीषा और साला शुभम घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शिवम विश्वकर्मा (30) पिता रामलखन विश्वकर्मा, पत्नी मनीषा (25) और डेढ़ साल के बेटे मोक्ष के साथ नौगांव से इलाज कराकर अपने घर अमानगंज लौट रहे थे। उनके साथ मनीषा का भाई शुभम (19) भी कार में सवार था। इसी दौरान सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार सड़क किनारे जाकर कई बार पलट गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां इमरजेंसी में डॉक्टर जयदीप रैकवार ने शिवम को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में सबसे राहत की बात यह रही कि डेढ़ साल के बच्चे मोक्ष को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि एहतियात के तौर पर उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। मनीषा को भी चोटें आई हैं, लेकिन सदमे के कारण उन्हें हादसे की ज्यादा जानकारी नहीं है। वहीं शुभम के हाथ-पैर में चोट आई है।
बताया जा रहा है कि मनीषा पिछले तीन दिनों से खांसी और बुखार से परेशान थीं, जिसके इलाज के लिए परिवार नौगांव गया था। वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
डॉक्टरों ने परिजनों के आने तक मनीषा को पति की मौत की जानकारी नहीं दी। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।





