MP News: डेढ़ लाख किसानों को 202 करोड़ रूपये की फसल-क्षति राशि का सिंगल क्लिक से वितरण करेंगे CM चौहान

मध्यप्रदेश के डेढ़ लाख किसानों के चेहरे पर आज नई मुस्कान होगी

943

Bhopal: अपनी जीविका के लिए खेती पर निर्भर किसान तब उदास हो जाता है जब असमय वर्षा या ओलावृष्टि से उसके परिश्रम पर कुठाराघात होता है।

मध्य प्रदेश सरकार ने विपदा में पड़े किसानों की मदद के लिए हमेशा हाथ आगे बढ़ाया है ।

आज इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान किसानों के खातों में फसल क्षति की राशि का अंतरण कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि फसल क्षति की सबसे बड़ी सहायता राशि का वितरण कर मध्यप्रदेश ने रिकार्ड बनाया है।

मध्यप्रदेश की कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। गेहूं उत्पादन में तो हम सब प्रांतों से आगे हो चुके हैं।

फसल विविधीकरण पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश में ऋषि खेती ,ऑर्गेनिक खेती और प्राकृतिक खेती की दिशा में भी कार्य हो रहा है।

किसानों ने अपनी बीज उत्पादन कंपनियां बना ली हैं।अब फलोद्यान और उद्यानिकी पर भी किसानों का ध्यान देखने को मिल रहा।

मध्यप्रदेश में कृषि उत्पादन बढ़ाना, उत्पादन लागत कम करना, कृषि उपज के उचित दाम दिलवाना और प्राकृतिक आपदा या अन्य स्थिति में किसानों की उपज को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति , राज्य सरकार के प्रमुख प्रयासों में शामिल हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हाल ही में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में देश में फसल क्षति की सबसे बड़ी सहायता राशि का वितरण कर राष्ट्रीय स्तर पर एक नया रिकार्ड बनाया।

किसानों के 49 लाख फसल क्षति के दावों में 7,618 करोड़ रूपये की सहायता राशि उनके खातों में सिंगल क्लिक से जमा की गई।

प्राकृतिक आपदा हो या बाढ़, बारिश, ओलावृष्टि, फसलों पर आए संकट में किसानों को कभी भी आर्थिक नुकसान नहीं होने दिया जाता है।

जनवरी में हुई क्षति के लिए आज डेढ़ लाख किसानों को राशि

जनवरी माह में हुई ओलावृष्टि और बारिश से फसलों का जो नुकसान हुआ है, उसके लिये भी राहत राशि किसानों के खाते में डाली जाएगी।

कृषि को फायदे का कार्य बनाने के लिये सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। किसानों को लाभान्वित करने के लिये सरकार द्वारा नवाचारों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व और मार्गदर्शन में किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिये सभी संभव प्रयास किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान गुरुवार,17 फरवरी को एक लाख 46 हजार से अधिक किसानों को 202 करोड़ 90 लाख रूपये की फसल-क्षति राशि का सिंगल क्लिक से वितरण करेंगे।

कार्यक्रम आज अपरान्ह 3:30 बजे से वर्चुअली होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कांफ्रेंस द्वारा यह कार्यवाही संपादित करेंगे।

प्रदेश में असामयिक वर्षा एवं ओला-वृष्टि से 23 जिले के किसानों की फसलों को नुकसान हुआ था। प्रदेश में एक लाख 34 हजार 19 हेक्टेयर क्षेत्र की फसलें प्रभावित हुई थी।

सर्वे के बाद प्रभावित किसानों को फसल क्षति की राशि का वितरण किया जा रहा है।

कार्यक्रम के लिये प्री-रजिस्ट्रेशन
https://mpmygov.in/ पर किया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी होगा। इसकी लिंक है: https://webcast.gov.in/mp/cmevents/ , दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनल्स एवं सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था की गई है।