
MP News; थाने में किसान से अभद्रता, पुलिस सब इंस्पेक्टर का गाली-गलौच करते वीडियो वायरल, SP ने किया लाइन अटैच, जांच के आदेश
छतरपुर: छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पुलिस अधिकारी द्वारा फरियादी किसान के साथ अभद्रता और गाली-गलौज किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, एक किसान अपनी शिकायत लेकर सटई थाने पहुंचा था, जहां पदस्थ उपनिरीक्षक तिलक सिंह ने उसके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उपनिरीक्षक किसान से ऊंची आवाज में बात करते हुए गाली-गलौज कर रहे हैं। इस दौरान थाने में अन्य लोग और महिलाएं भी मौजूद थीं, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया।
छतरपुर एसपी अगम जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक तिलक सिंह को लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि थाने में आने वाले गरीब और ग्रामीण फरियादियों के साथ इस तरह के व्यवहार की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। हालांकि इस बार वीडियो वायरल होने के कारण मामला खुलकर सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर, घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल, मामले की जांच जारी है और पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।





