MP News: प्रशासन के खिलाफ MLA के पत्र से मची खलबली: 20 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरने पर

1081

भोपाल. मध्यप्रदेश में विदिशा जिले में शमशाबाद की विधायक राजश्री सिंह के पत्रों से विदिशा से लेकर भोपाल तक खलबली मच गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री को देने के लिए विदिशा कलेक्टर को दो पत्र दिये हैं।

पत्र में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अफसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्होंने लिखा है कि उनके क्षेत्र की नल-जल योजना की जानकारी 20 फरवरी से पहले उन्हें नहीं दी गई तो वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगी। दरअसल इन पत्रों में उन्होंने यह भी लिख दिया कि इन दोनों प्रकरणों को पार्टी लाइन के खिलाफ और मुख्यमंत्री के विरुद्ध नहीं माना जाए। यह पूरा आक्रोश स्थानीय प्रशासन के खिलाफ है।

भाजपा विधायक राजश्री सिंह ने पत्र में लिखा है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से वे लगातार जानकारी मांग रही है, लेकिन उन्हें जानकारी नहीं दी गई।

पत्र में लिखा कि हमारी सरकार प्रत्येक ग्रामीण परिवार में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है। इसके लिए व्यापक प्रयास कर करोड़ो रुपए योजना के क्रियान्वयन के लिए दिए गए हैं। तीन वर्षो से कार्यपालन यंत्री और उनके अधिनस्थ द्वारा खुलकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। कई बार अपने क्षेत्र की नल-जल योजना की जानकारी मांग चुकी हूं,लेकिन अभी तक जानकारी नहीं दी गई है। यदि अब 19 फरवरी तक जानकारी नहीं मिली तो 20 फरवरी से बस स्टेंड पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाऊंगी।

*शिक्षा विभाग की जमीन का उपयोग बदलने की मांग*

दूसरे पत्र में उन्होंने लिखा कि शमशाबाद के वार्ड चार की स्कूल शिक्षा विभाग की भूमि पर 50-55 वर्षों से मकान बने हुए हैं। शासन की नीति के अनुसार इन्हें विस्थापित न कर इसी स्थान पर पट्टा एवं प्रधानमंत्री आवास दिए जाएं। विधायक ने पत्र में यह भी लिखा कि मेरे द्वारा विगत 3 वर्षो से सैकड़ों बार स्थानीय प्रशासन और कलेक्टर से निवेदन किया गया, तहसीलदार ने भी कई बार फाइल अनुमोदन के लिए कलेक्टर को भेजी, लेकिन प्रस्ताव फुटबॉल की तरह यहां से वहां घुमाया जा रहा है।