
MP Police vs Military: कारगिल युद्ध लड़ने वाले पूर्व सैनिक से अभद्रता थाना प्रभारी को पड़ी भारी, पूर्व सैनिकों के बवाल के बाद लाइन अटैच
भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट
भिंड: भिंड जिले के मिहोना थाने में कारगिल युद्ध लड़ने वाले रिटायर्ड सूबेदार राकेश सिंह के साथ थाना प्रभारी द्वारा शराब के नशे में अभद्रता किये जाने का मामला तूल पकड़ गया है। घटना के बाद ग्वालियर चंबल संभाग के पूर्व सैनिकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पूर्व सैनिकों द्वारा शुक्रवार को पांच घंटे तक मिहोना थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए भिण्ड एसपी डीआईजी डॉ. असित यादव ने मिहोना थाना प्रभारी विजय केन को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया। लेकिन थाना प्रभारी थाने पर ही बने रहे।

शनिवार सुबह सेना पुलिस ने थाने पर पहुंचकर मामले की जांच की। थाना प्रभारी को शराब के नशे में धुत पकड़ लिया। जिसके बाद एक बार फिर से बड़ी संख्या में रिटायर्ड सैनिक एसपी ऑफिस में इकट्ठा हो गए।
जानकारी के अनुसार कारगिल युद्ध लड़ने वाले रिटायर्ड सूबेदार राकेश सिंह अपनी जमीनी विवाद की शिकायत लेकर मिहोना थाने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान शराब के नशे में धुत थाना प्रभारी विजय केन ने सूबेदार के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट कर दी। सूबेदार राकेश सिंह के अनुसार टीआई ने उन्हें थप्पड़ मारे, गाली-गलौज की और उनकी वर्दी के बटन तक तोड़ दिए। उन्होंने थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों पर भी बदसलूकी करने के आरोप लगाए थे। जिसके बाद घटना की जानकारी मिलते ही अगले दिन शुक्रवार को चंबल संभाग के रिटायर्ड सैनिक बड़ी संख्या में मिहोना थाने के बाहर पहुंच गए और धरने पर बैठ गए।
धरना देने से पहले सभी पूर्व सैनिकों ने थाने के बाहर खड़े होकर राष्ट्रगान गाया और हाथों में तिरंगा लेकर टीआई विजय केन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मामले में संज्ञान लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डीआईजी डॉ असित यादव ने थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया। लेकिन मामला रिटायर्ड सैनिक से जुड़ा हुआ था ऐसे में सेना पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए शनिवार सुबह मिहोना थाना पहुंचकर जांच की। टीम को लाइन अटैच टीआई थाने में ही मिले। जिसके बाद लाइन अटैच किये गए थाना प्रभारी को समझाइश देते हुए टीम एसपी कार्यालय पहुंची और एसपी से मुलाकात की।
मामले में सेना पुलिस अधिकारी विशाल छेत्री न कहा कि दोनों ही फोर्सेज वर्दीधारी हैं और कॉर्डिनेशन से काम करेंगी और मामले में आगे की कार्यवाही की जायेगी। सुबह के समय जांच के लिए वह थाने पर पहंचे थे और उसके बाद पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। जिसमें पुलिस अधीक्षक डीआईजी डॉ असित यादव ने जांच के बाद उचित कार्यवाही का भरोसा दिया है। वहीं पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान देते हुए एसडीओपी रविन्द्र वास्कले ने कहा कि थाना प्रभारी द्वारा पूर्व सैनिक से अभद्रता का मामला सामने आया है जिसमें कार्यवाही करते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया था। आज सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात की है। मामले में जांच कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
बाइट- विशाल छेत्री, सेना अधिकारी
बाइट- रविन्द्र वास्कले, एसडीओपी





