MP Solanki Panicked : भाजपा मंत्री ने सज्जन को ऑफर दिया, सांसद टिप्पणी करके ट्रोल हुए!

सांसद की पोस्ट के बाद कांग्रेसियों ने उनको जमकर रिप्लाई किए

1075

Dewas : देवास की प्रभारी मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन वर्मा के बीच हंसी-मजाक में हुई बातचीत पर यहां के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी इतना रूष्ट हो गए कि कांग्रेस नेता पर ही उखड़ पड़े। उन्होंने उन्हें ‘बुजुर्ग मछली’ संबोधित करके सोशल मीडिया पर टिप्पणी की। पर, मंत्री यशोधरा राजे के बारे में बोलने की उनकी हिम्मत नहीं हुई।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा को यशोधरा राजे ने मजाक में भाजपा में आने का ऑफर दिया था। इसके बाद जिले की भाजपा राजनीति में उबाल आ गया। मंत्री यशोधरा राजे के ऑफर पर शाजापुर-देवास के भाजपा सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी ने आपत्ति जताई। उन्होंने सज्जन सिंह वर्मा को बुजुर्ग मछली बताया और कहा कि हम प्रभारी मंत्री के इस प्रस्ताव का समर्थन नहीं कर सकते।

सांसद ने सोशल मीडिया पर लिखा ‘एक कांग्रेसी बुजुर्ग मछली भाजपा के शुद्ध तालाब को गंदा कर देगी। हम इस प्रस्ताव का समर्थन नहीं कर सकते।’ इसके नीचे उन्होंने अंडर लाइन करते हुए ‘प्रभारी मंत्री का प्रस्ताव’ हाइलाइट भी किया।

उन्होंने यह भी लिखा कि सज्जन सिंह जहां है, वहीं ठीक : सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी
सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी ने यह भी लिखा कि मुझे लगता कि हमारे आदरणीय प्रभारी मंत्री जी ने केवल हास्य विनोद में इस बात को कह दिया होगा कि सज्जन सिंह वर्मा जी आप भाजपा में आ जाइए। इस तरह की कोई स्थिति नहीं है और मेरा मानना है कि सज्जन सिंह वर्मा जहां है वहीं पर ठीक है। उनका भाजपा में आने से किसी प्रकार का कोई लाभ हमें नहीं होगा। सज्जन सिंह वर्मा कांग्रेस में अनुशासनहीनता करते आए है, कार्यकर्ताओं और नेताओं को गालियां देते हैं। इस प्रकार का कल्चर भारतीय जनता पार्टी का बिल्कुल भी नहीं है।

जबकि, सज्जन वर्मा ने इस न्यौते को मजाक में ही टाल दिया था और इसे सामान्य हंसी मजाक ही बताया। इसके बावजूद सांसद सोलंकी की इस पोस्ट ने सियासत गर्मा दी है।

सांसद पर कांग्रेसियों की टिप्पणी
सांसद की इस पोस्ट के बाद कांग्रेसी भी सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गए। उन्होंने इस मुद्दे पर जमकर टीका टिप्पणी शुरू कर दी। एक कांग्रेस नेता ने रिप्लाई किया ‘पैलेस में एंट्री बंद हो गई है सांसद महोदय की। जब एक बार भाजपा में जिसकी एंट्री पैलेस पर बंद हो जाती है वो फिर देवास छोड़कर चले जाता है। उदाहरण थावरचंद्र जी …।

सांसद की घबराहट का कारण
भाजपा में सज्जन सिंह को आने का न्यौता देने से सांसद सोलंकी की नाराजी का अलग ही कारण हैं। MP में 29 में से 4 ही सीट SC (अनुसूचित जाति) के लिए आरक्षित हैं। इनमें देवास, उज्जैन, भिंड और टीकमगढ़ शामिल है। BJP सांसद सोलंकी जिस देवास सीट से चुनाव जीते हैं, वह सीट कभी सज्जन वर्मा की रही है। वे यहां से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़े हैं। ऐसे में यदि सज्जन वर्मा BJP में आ गए, तो इस सीट पर सोलंकी के लिए अगली बार दावेदारी का संकट हो सकता है।