सांसद वीडी शर्मा की विश्व धरोहर का अतिक्रमण मुक्त करने की पहल,केंद्रीय मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

42

सांसद वीडी शर्मा की विश्व धरोहर का अतिक्रमण मुक्त करने की पहल,केंद्रीय मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

भोपाल: विश्व धरोहर स्थल खजुराहो मंदिर समूह को अतिक्रमण मुक्त करने की दिशा में अब ठोस कार्रवाई शुरू हो गई है। खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा की पहल पर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने विभागीय स्तर पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

दरअसल, सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने 1 दिसंबर 2025 को लोकसभा में नियम 377 के तहत खजुराहो क्षेत्र में बढ़ते अवैध अतिक्रमण और अनियंत्रित निर्माण का मुद्दा उठाया था। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने पत्र के माध्यम से शर्मा को आश्वस्त करते हुए बताया कि इस मामले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा विस्तृत सर्वे और निरीक्षण कराया गया है।

निरीक्षण में सामने आया कि खजुराहो मंदिर समूह के विनियमित और प्रतिबंधित क्षेत्रों में कई अनधिकृत निर्माण किए गए हैं। इस पर नियमानुसार संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दिए हैं। साथ ही स्थानीय प्रशासन को अवैध निर्माण रोकने और हटाने के निर्देश दिए गए हैं। मामले में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है, ताकि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया है कि खजुराहो की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए निगरानी, समन्वय और प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, जिससे भविष्य में कोई अतिक्रमण न हो और ना कोई समस्या आ सके।