MP Weather Alert : अगले 24 घंटे में प्रदेशभर में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

2119

MP Weather Alert : अगले 24 घंटे में प्रदेशभर में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

Bhopal : पूरे उत्तर भारत में बारिश का कहर बरप रहा है। मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, हिमाचल, बिहार और छत्तीसगढ़ में पिछले 48 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। भोपाल में 14.18 इंच से पानी गिरा। MP में पिछले 48 घंटों से बारिश हो रही है और सबसे ज्यादा पानी भोपाल में गिरा। रविवार सुबह 8:30 बजे से लेकर सोमवार रात 8:30 बजे तक 36 घंटे में ही 14.18 इंच से ज्यादा बारिश हो गई। इसे मिलाकर राजधानी में अब तक 66.50 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है।

यह सीजन के कोटे की 42 इंच बारिश से 23 इंच ज्यादा है। इसने अगले मानसून सीजन की भी आधी जरूरत पूरी कर दी है। बंगाल की खाड़ी से चला सिस्टम डिप्रेशन में बदलकर ओडिशा, झारखंड, छग होता हुआ रविवार से दमोह-सागर के बीच ठहर गया था। इसका सबसे ज्यादा असर भोपाल के आसपास हुआ।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेशभर में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन संभाग में 5 इंच या इससे ज्यादा पानी गिर सकता है। बुधवार से ज्यादा राहत मिलने की संभावना है। अगस्त के आखिरी दिनों में हल्की बारिश का एक दौर आने की संभावना है। इसके बाद सितंबर में भी बारिश के एक या दो दौर आ सकते हैं। मानसून की विदाई 30 सितंबर के बाद ही संभव है।

राजस्थान : रेड अलर्ट जारी
आने वाले 2 दिनों के लिए राजस्थान में अलर्ट है। 23 अगस्त को उदयपुर, सिरोही, पाली, जालोर, बाड़मेर, जैसलमेर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। डूंगरपुर, राजसमंद, नागौर,जोधपुर में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 24 अगस्त को जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर, जोधपुर में भी यलो अलर्ट है। राज्य में पिछले 48 घंटे हुई बारिश के चलते सीजन की 20.35 इंच बारिश हो चुकी है। कोटा में 20.47 इंच बारिश हुई। आंकड़ों के लिहाज से ये 25.80% ज्यादा है। सभी जिलों में औसत से ज्यादा बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे में गिरे पानी की वजह से 716 छोटे-बड़े बांधों में से 200 से ज्यादा ओवरफ्लो हो चुके हैं। राजधानी जयपुर की बात करें तो सीजन की बारिश का कोटा पूरा हो चुका है। यहां सीजन में 19.78 इंच बारिश होती है, जबकि 19.79 इंच बारिश हो चुकी है।

गंगा खतरे के निशान से ऊपर
उत्तर प्रदेश में गंगा खतरे के निशान के ऊपर निकल गई। जबकि, बिहार में ये खतरे के निशान के करीब है। हिमाचल प्रदेश में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की 36 घटनाओं में 22 लोगों की जान चली गई है। राजस्थान में 200 और मध्यप्रदेश में करीब 50 छोटे-बड़े डैम ओवरफ्लो हो गए हैं। इन सभी राज्यों में मंगलवार के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यानी अगले 48 घंटे बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।