
पढ़ना जारी रखें
सामाजिक विकास आयोग का वार्षिक सत्र सदस्य देशों के लिए एक महत्वपूर्ण वैश्विक मंच प्रदान करता है, जहां वे अपने-अपने देशों में सामाजिक विकास के क्षेत्र में हुई प्रगति की समीक्षा करते हैं, अनुभव साझा करते हैं तथा सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करते हैं। 64वें सत्र में भारत की सक्रिय भागीदारी सामाजिक विकास के क्षेत्र में बहुपक्षीय प्रयासों के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। इस सत्र के दौरान राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर भारत में महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा, समावेशी विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगी। साथ ही वे वैश्विक सामाजिक नीति प्राथमिकताओं पर रचनात्मक संवाद में भाग लेंगी और भारत के अनुभवों एवं दृष्टिकोण को विश्व समुदाय के समक्ष रखेगीं।
न्यूयॉर्क प्रवास के दौरान श्रीमती सावित्री ठाकुर की संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न एजेंसियों, अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधियों तथा अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय बैठकों की भी संभावना है। इन संवादों के माध्यम से सामाजिक विकास, महिला सशक्तिकरण एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर सहयोग की नई संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बता दें कि केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर की यह पांच दिवसीय यात्रा भारत की वैश्विक मंच पर बढ़ती भूमिका, सामाजिक विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता तथा “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना के अनुरूप विश्व कल्याण में उसके योगदान को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करती हैं!