40 सालों में नगर परिषद और कॉलेज नहीं दे पाए, फिर कैसा छिंदवाड़ा मॉडल- CM डॉ.यादव ने अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में 2 जनसभा को किया संबोधित

140

40 सालों में नगर परिषद और कॉलेज नहीं दे पाए, फिर कैसा छिंदवाड़ा मॉडल- CM डॉ.यादव ने अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में 2 जनसभा को किया संबोधित

 

छिंदवाड़ा: प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को अमरवाड़ा विधानसभा के सिंगोड़ी और हर्रई में पार्टी प्रत्याशी श्री कमलेश शाह के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय लोग कहते थे कि छिंदवाड़ा कांग्रेस का गढ़ है। हम कहते थे, यह गढ़ नहीं गड़बड़ है। विकास के छिंदवाड़ा मॉडल की बात करने वाले हवाई जहाज में उड़ते रहते थे। हवा में ही रहते थे, जमीन पर नहीं उतरते थे। ये 40 सालों तक छिंदवाड़ा मॉडल की बात करते रहे, लेकिन सिंगोड़ी नगर परिषद नहीं बन पाया। यहां कॉलेज नहीं खुल सका। किसानों के लिए सिंचाई के इंतजाम नहीं हुए। डूब क्षेत्र वालों को मुआवजा नहीं मिला, फिर कैसा छिंदवाड़ा मॉडल?

IMG 20240629 WA0078

*कांग्रेस ने कुछ नहीं किया, हम करेंगे विकास*

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जीवन में शिक्षा का स्थान कितना महत्वपूर्ण है, यह हमारे भगवान श्री गोपाल कृष्ण जी ने 5000 साल पहले बताया था। उन्होंने मथुरा आकर कंस को मारा, लेकिन कुर्सी पर नहीं बैठे। महाराज उग्रसेन को राजगद्दी सौंपकर पढ़ने के लिए उज्जैन आ गए थे। जब उस समय शिक्षा इतनी महत्वपूर्ण थी, तो आज क्यों नहीं? क्यों यहां पर कॉलेज नहीं होना चाहिए। कांग्रेस के लोग यहां से चुनाव पर चुनाव जीतते रहे, लेकिन न कॉलेज दिया न नगर परिषद दी। पता नहीं ये लोग क्यों चुनाव लड़ते हैं। इन्होंने बांध बनाया, लेकिन डूब क्षेत्र वालों को मुआवजा नहीं दिया। लेकिन आप चिंता मत करना, हम वो सभी काम करेंगे जो कांग्रेस वालों ने नहीं किए। नगर परिषद भी बनेगी, कॉलेज भी खुलेगा। डूब क्षेत्र वालों को मुआवजा मिलेगा, यह हमारी गारंटी है। हम भगवान का जयकारा लगाते हैं, तो कांग्रेसियों को बुखार आ जाता है। लेकिन हम जाम सांवली में हनुमान जी का हनुमान लोक भी बनाएंगे। हम नदी लिंक परियोजना के माध्यम से अमरवाड़ा और हर्रई में पीने के पानी और सिंचाई का प्रबंध करेंगे। यहां का पातालकोट क्षेत्र जड़ी बूटियां के लिए प्रसिद्ध है। हम उन जड़ी-बूटियों के आधार पर कुटीर उद्योग लगाएंगे। अचार, हर्रा-बहेड़ा जैसी वनोपज की खरीदी सरकार समर्थन मूल्य पर करेगी। हमारी केंद्र सरकार ने 14 फसलों के लिए समर्थन मूल्य घोषित किया है। लेकिन हम कोदों-कुटकी जैसे श्रीअन्न भी समर्थन मूल्य पर खरीदेंगे। पहले 4200, फिर 5000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदेंगे। तेंदूपत्ता संग्रहण की दर भी हमने बढ़ा दी है।

IMG 20240629 WA0081

*भाजपा करती जनजातीय योद्धाओं का सम्मान, कांग्रेस करती है अपमान* 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि आदिवासी अंचल में कांग्रेस के लोग 70 सालों तक वोट मांगते रहे। लेकिन उन्होंने कभी भगवान बिरसा मुंडा को याद नहीं किया। भाजपा ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाकर जनजातीय योद्धाओं को सम्मान दिया। हमारी सरकार ने रानी दुर्गावती को सम्मान देने के लिए कैबिनेट की पहली बैठक जबलपुर में ही की थी। अभी हाल ही में उनका बलिदान दिवस था और हमारी सरकार ने उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए उनके नाम पर जबलपुर एयरपोर्ट का नाम रखने, उनके नाम पर पांच लाख रुपये का पुरस्कार दिये जाने की घोषणा की है। उनके गौरवशाली अतीत को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने एक सामान्य परिवार की आदिवासी बहन श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद पर स्थान दिया है। लेकिन कांग्रेस के लोगों की मानसिकता देखिए, उन्होंने अभी दो दिन पहले उस सैम पित्रोदा को वापस पार्टी में शामिल कर लिया है, जिसने हमारे आदिवासी भाईयों का अपमान किया था। उन्हें काला बताकर उन्हें अफ्रीकन बताया था। उनकी इस सोच पर कांग्रेसियों को माफी मांगना चाहिए। वे शरीर के रंग रूप के आधार पर भेदभाव करते हैं। ये आदिवासियों का अपमान था और इसके लिए देश कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगा।

IMG 20240629 WA0079

*कांग्रेस के लोग कई आडंबर रचेंगे, आपको सतर्क रहना है* 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों ने दशकों तक जनता को बहुत बेवकूफ बनाया। बहुत झूठ बोले, पता नहीं क्या-क्या बोले। उसी के चलते कांग्रेस की यह हालत हुई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से रावण ने भेष बदलकर माता सीता का अपहरण किया था, उसी तरह आपका वोट हड़पने कांग्रेस के लोग भेष बदलकर आएंगे। कई आडंबर और छल-प्रपंच रचेंगे, लेकिन आपको उनके इस जाल में नहीं फंसना है। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा, खेती किसानी वाला क्षेत्र है। यहां के लोग किसानी के बारे में सब जानते हैं। किस फसल के लिए क्या तैयारी करनी है, उनको पता है। लेकिन कांग्रेस के लोग बिना जमीन के ही हथेली पर फसल उगाने की बात करते हैं। ये विकास की बात करते हैं, लेकिन न मध्यप्रदेश में और न ही केंद्र में कांग्रेस की सरकार है, फिर ये क्या करेंगे। इसलिए आपको इनकी बातों में नहीं आना है और हमारे प्रत्याशी श्री कमलेश शाह को जिताकर झूठ बोलने वालों, बेवकूफ बनाने वालों को जवाब देना है।

*तीर्थों का विकास, गौमाता का कल्याण हमारा उद्देश्य* 

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर जिन स्थानों पर हमारे भगवान के कदम पड़े, उन तीर्थों का विकास क्यों नहीं होना चाहिए? कांग्रेस के पेट में मरोड़ उठे तो उठे, लेकिन हम उनका विकास करेंगे। भगवान राम ने 11 साल सतना जिले के चित्रकूट में व्यतीत किए। उनके चरण जहां-जहां पड़े हैं, उन स्थलों का हम तीर्थों के रूप में विकास कर रहे हैं। इसी तरह भगवान गोपाल कृष्ण ने उज्जैन में शिक्षा ग्रहण की, अमझेरा में उनका रुक्मी के साथ युद्ध हुआ, इंदौर के समीप जानापाव में भगवान परशुराम ने उन्हें सुदर्शन चक्र प्रदान किया, हम इन सभी स्थानों का विकास कर रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने तय किया है कि अगर कोई गौमाता को कष्ट देता है, तो हमारी सरकार उसे छोड़ने वाली नहीं है। अभी तक हजारों गौमाता के प्राणों की रक्षा हमने की है और उन पर अत्याचार करने वाले 1000 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से भी कई पर तो रासुका की कार्रवाई की गई है। हमारी सरकार गौशाला बनाने वालों को हर स्तर पर मदद देगी और वृद्ध, निराश्रित, अपंग, बीमार गौमाता का ध्यान हमारी सरकार रखेगी।

*विकास में नहीं रहेगी कसर, भाजपा को जिताएं* 

डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार छिंदवाड़ा के विकास में कोई कसर नहीं रहने देगी। नागपुर-शहडोल, नागपुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने का काम कर रहे हैं, जो छिंदवाड़ा से गुजरेंगे। मेडिकल कॉलेज के लिए 768 करोड़ के कामों को मंजूरी दी गई है। कोई भी ऐसा व्यक्ति जिसके पास आयुष्मान कॉर्ड है, वह एयर एंबुलेंस की सहायता से भोपाल और दिल्ली-मुंबई इलाज के लिए जा सकता है। हमारी सरकार ने हेल्थ डिपार्टमेंट में 42000 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी है। पुलिस विभाग में खाली 15000 पदों को भरने का काम भी हमारी सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग शोर मचाते हैं कि ये पैसे नहीं देंगे। लेकिन किसान सम्मान निधि के पैसे भी देंगे और लाड़ली बहनों की राशि भी समय पर देंगे। डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की ऊंगली पर जिस तरह सुदर्शन चक्र होता था, वैसी ही ताकत आपकी ऊंगली में है। आगामी 10 तारीख को आपको कमल का बटन दबाकर कांग्रेस के हर झूठ का जवाब देना है।

*मुख्यमंत्री ने श्री कैलाश साहू के निवास पर किया भोजन*

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व सरपंच श्री कैलाश साहू के निवास पहुंचकर भोजन किया। इस अवसर पर सांसद श्री विवेक बंटी साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शेषराव यादव और मंडल अध्यक्ष श्री सोनू सरसवार उपस्थित रहे।

सिंगोड़ी जनसभा को प्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, भाजपा प्रत्याशी श्री कमलेश शाह, श्री उत्तम ठाकुर, सुश्री मोनिका बट्टी ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शेषराव यादव ने दिया। इस अवसर पर सांसद श्री विवेक बंटी साहू, विधायक व विधानसभा सह प्रभारी श्री हेमंत खंडेलवाल, जिलाध्यक्ष प्रभारी संतोष पारिक, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शेषराव यादव, भाजपा प्रत्याशी श्री कमलेश शाह, श्री रमेश दुबे, श्री दीपक सक्सेना, प्रदेश प्रवक्ता श्री अजय धवले, श्री नत्थन शाह, श्री उत्तम ठाकुर, श्री लखन वर्मा, श्री मोनिका बट्टी, श्रीमती माधवी शाह, श्रीमती कामिनी शाह, जिला महामंत्री टीकाराम चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी व जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।