Municipal Elections : दूसरे दौर की मतगणना में कांग्रेस, भाजपा के 2-2 महापौर

कटनी में भाजपा की बागी ने निर्दलीय चुनाव जीता, खरगोन में ओवैसी के 3 पार्षद जीते

502
नगरीय-पंचायत चुनावों में एक बार फिर पंद्रह साल बनाम पंद्रह माह ...

Bhopal : नगर निकाय चुनाव की मतगणना के दूसरे दौर में आज 5 नगर निगमों में से दो जगह भाजपा के महापौर चुने गए, दो जगह कांग्रेस के और एक पर निर्दलीय ने झंडा फहराया।

जबकि, पिछले नगर निकाय चुनाव में प्रदेश की सभी 16 नगर निगमों में भाजपा काबिज हुई थी। पहले चरण के चुनाव में 11 निगमों की गिनती हुई जिसमें 7 में भाजपा, 3 में कांग्रेस के महापौर उम्मीदवार जीते थे! जबकि, सिंगरोली में ‘आप’ पार्टी की उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी।

आज हुई मतगणना में रतलाम में भाजपा में प्रहलाद पटेल, देवास में भाजपा की गीता अग्रवाल, मुरैना में कांग्रेस की शारदा सोलंकी, रीवा में कांग्रेस के अजय मिश्रा और कटनी में भाजपा की बागी और निर्दलीय प्रीति सूरी ने जीत दर्ज की। सबसे चौंकाने वाला नतीजा खरगोन नगर पालिका रहा, जहां ओवैसी की पार्टी के 3 पार्षदों ने चुनाव जीता!

उज्जैन : दो नगन पालिका, दो नगर परिषद में भाजपा

उज्जैन जिले के छह नगरीय निकायों महिदपुर, नागदा जंक्शन व खाचरौद नगर पालिका, तराना, उन्हेल व माकड़ोन नगर परिषद के चुनाव दूसरे चरण में हुए थे। इनके परिणाम बुधवार को घोषित किए गए।

इनमें से दो नपा व दो नगर परिषद पर भाजपा ने अपना परचम लहराया है। वहीं, एक नपा व एक नगर परिषद पर कांग्रेस को जीत मिली है। सुबह 9 बजे मतगणना शुरू की गई थी।

एक घंटे बाद रुझानों से स्थिति लगभग साफ नजर आने लगी थी। सभी निकायों में साढ़े 11 बजे तक परिणाम घोषित कर दिए गए थे।

जीत की घोषणा होते ही विजेता पार्षदों ने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया था। नागदा जंक्शन नपा में भाजपा के 22, कांग्रेस 13 व एक निर्दलीय चुनाव जीता है। यहां भाजपा को बड़ी जीत दर्ज की है।

महिदपुर नपा में भाजपा को 9, कांग्रेस 8 व निर्दलीय को एक सीट मिली है। यहां एक निर्दलीय को जोड़ें तो भाजपा का बोर्ड बनना तय माना जा रहा है। खाचरौद में कांग्रेस के 11, भाजपा के 9 व एक निर्दलीय उम्मीदवार जीता है।

कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला

तराना नगर परिषद में 10 कांग्रेस, 4 भाजपा व 1 निर्दलीय चुनाव जीता है। यहां कई वर्ष से कांग्रेस का ही बोर्ड रहा है। इस बार भी कांग्रेस ने इस रिकार्ड को कायम रखा है।

उन्हेल नगर परिषद में 7 भाजपा, 4 कांग्रेस व 4 निर्दलीय पर जनता ने भरोसा जताया है। यहां भाजपा का बोर्ड बनना तय है।

माकड़ोन नगर परिषद में भाजपा को 10, कांग्रेस 4 व निर्दलीय ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। पिछली बार यहां कांग्रेस का बोर्ड था लेकिन इस बार जनता ने भाजपा को मौका दिया है।

खरगोन में एआईएमआईएम के तीन पार्षद

खरगोन जिले में खरगोन, बड़वाह, सनावद नगर पालिका, करही, कसरावद व बिस्टान नगर परिषद में पार्षद पद की मतगणना हुई। मतगणना के शुरूआती दो घंटों में ही स्थिति साफ होने लगी। 6 नगर निकाय में से 3 पर भाजपा और 2 पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है।

खरगोन, बड़वाह और करही में भाजपा का दबदबा रहा। जबकि, सनावद और कसरावद में कांग्रेस ने बाजी मारते हुए भाजपा को शिकस्त दी है। नवगठित बिस्टान परिषद में भाजपा और कांंग्रेस के बीच कांटे की टक्कर ही।

लेकिन, यहां दोनों ही दलों को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। खरगोन में पहली बार एआईएमआईएम के तीन पार्षद भी जीते हैं।

खरगोन शहर में 33 वार्डों में एक बार फिर भाजपा जीती है। यहां 19 पार्षद भाजपा के जीतकर आए हैं। वहीं कांग्रेस को महज चार सीटों पर सिमट गई। सात निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं।

जबकि, ओवेसी की पार्टी ‘एआईएमआईएम’ के तीन प्रत्याशी भी चुनाव जीतने में सफल रहे। दंगों के बावजूद चुनाव में वोटों का धुव्रीकरण का खास असर नहीं हुआ। भाजपा ने चुनाव में एक भी मुस्लिम प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया। पार्टी की यह रणनीति काम आई और चुनाव में पार्टी ने सर्वाधित सीटें जीती।

शुजालपुर : नगर पालिका में भाजपा

यहां की नगर पालिका में भाजपा का परचम लहराया। 25 सीट में से 17 पर भाजपा के पार्षद चुने गए, कांग्रेस 4 सीटों पर ही सिमट कर रह गई। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी कांग्रेस के बराबर यहां पर प्रदर्शन किया।

चार निर्दलीय प्रत्याशी पार्षद पद पर निर्वाचित हुए हैं। भाजपा में अध्यक्ष पद के 3 दावेदार माने जा रहे हैं। यह तीनों ही जीतकर नगर सरकार में निर्वाचित हुए हैं।

इनमें रत्ना देवी सोनी, कृष्णा नायक और बबीता परिवार शामिल है। अध्यक्ष का चयन पार्षदों द्वारा किया जाना है। गुरुवार को नगर पालिका के निर्वाचन की मतगणना में परिणाम भाजपा के पक्ष में आए हैं।

इसके बावजूद भाजपा के कुछ ऐसे प्रत्याशी हारे हैं जो पिछली परिषद में पार्षद थे, इस बार उन्हें असफलता हाथ लगी है। 25 में से 17 पार्षद विजय होने पर भाजपा खेमे में खुशी का माहौल है।