New Army Chief : लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे होंगे नए आर्मी चीफ

पहली बार किसी इंजीनियर को यह पद संभालने का मौका मिला

813

New Delhi : लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे को भारतीय सेना का नया आर्मी चीफ नियुक्त किया गया। वे अब मौजूदा सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की जगह लेंगे। सेना प्रमुख नियुक्त होने वाले वे पहले इंजीनियर होंगे।
वर्तमान आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे अप्रैल 2022 के अंत तक रिटायर होंगे, जिसके बाद उनकी जिम्मेदारी लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे संभालेंगे।

फिलहाल जनरल मनोज पांडे उप सेना प्रमुख हैं। जनवरी 2022 में उनको वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ नियुक्त किया गया था। इससे पहले मनोज पांडे ईस्टर्न कमांड के कमांडिंग ऑफिसर रह चुके हैं और अंडमान-निकोबार कमांड के कमांडर इन चीफ की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। नागपुर से ताल्लुक रखने वाले लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे नेशनल डिफेंस अकेडमी (NDA) के पूर्व छात्र हैं। उन्हें दिसंबर 1982 में कोर ऑफ इंजीनियर्स में शामिल किया गया था।

नरवणे होंगे CDS?

जनरल मनोज मुकुंद नरवणे को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के पद के लिए सबसे आगे देखा जा रहा है। पिछले साल 8 दिसंबर को तमिलनाडु में खराब मौसम के चलते वायु सेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हो गया था। इस हेलीकॉप्टर में CDS बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत कुल 14 लोगों की मौत हो गई थी। यह हादसा कुन्नूर के जंगल में हुआ था। ऐसे में देश के पहले CDS जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद से ही यह पद खाली है। सरकार लगातार अगले CDS के नाम पर मंथन करने में जुटी हुई है।