New Board of Youth Congress : अपने से पराये हुए नेताओं के भी नाम, सुरेश पचौरी, प्रेमचंद गुड्डू, गोविंद राजपूत के नाम भी लिखे

210

New Board of Youth Congress : अपने से पराये हुए नेताओं के भी नाम, सुरेश पचौरी, प्रेमचंद गुड्डू, गोविंद राजपूत के नाम भी लिखे

भोपाल. प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में इन दिनों लग रहे बोर्ड खासे चर्चित हो रहे हैं। कुछ दिनों पहले प्रदेश कांग्रेस दफ्तर के बाहर कामकाज का समय और रविवार अवकाश को लेकर एक बोर्ड लगाया गया था, बाद में उसे हटाया गया। अब युवा कांग्रेस ने पीसीसी की पहली मंजिल पर एक नया बोर्ड लगाया है। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रेम चंद गुड्डू और गोविंद राजपूत के नाम लिखे हुए हैं। ये सभी प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं और अब कांग्रेस को छोड़ चुके हैं।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का इन दिनों रिनोवेशन का काम चल रहा है। इसके साथ ही यहां पर साज सज्जा भी की जा रही है। इस बार युवा कांग्रेस ने अपने दफ्तर के कैबिन के बाहर एक बोर्ड लगाया है। जिसमें युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के नाम और फोटो के साथ उनके कार्यकाल का समय लिखा गया है। इसमें सुरेश पचौरी, प्रेम चंद गुड्डू और गोविंद राजपूत का भी नाम लिखा है।

इस बोर्ड में सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह का फोटो है, अर्जुन सिंह युवा कांग्रेस के संयोजक रह चुके हैं। उनके बाद वीरेंद्र तिवारी, विष्णु राजोरिया, शिवकुमार सिंह, वन्शीलाल गांधी, प्रताप भानु शर्मा, रामेश्वर नीखरा, टुमनलाल, भवंर सिंह पोर्त, मनोहर बैरागी, उत्तमचंद खटीक के बाद सुरेश पचौरी का नाम हैं। पचौरी के बाद सुरेंद्र सिंह ठाकुर, मुकेश नायक के बाद प्रेम चंद गुड्डू, गोविंद राजपूत का नाम हैं। इनके बाद मीनाक्षी नटाराजन, जीतू पटवारी, प्रियव्रत सिंह, कुुणाल चौधरी, विक्रांत भूरिया और मितेंद्र यादव का नाम इस पर लिखा है।

गुड्डू का फोटो भी बोर्ड पर

इस बोर्ड में प्रेम चंद गुड्डू का फोटो भी लगाया गया है, वे कांग्रेस छोड़ चुके हैं। वहीं सुरेश पचौरी और गोविंद राजपूत का फोटो इस बोर्ड पर नहीं हैं, सिर्फ इन दोनों के नाम लिखे हैं और फोटो की जगह खाली रखी गई है। इस बोर्ड में यह भी बताया है कि पचौरी 1984-85 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे। प्रेम चंद गुड्डू 20 जून 1995 से आठ फरवरी 1997 तक अध्यक्ष रहे। इसी तरह गोविंद राजपूत 9 फरवरी 1997 से 5 अक्टूबर 2002 तक युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे।