New CM : हिमाचल के नए CM ने दूध और अखबार बेचा, PCO चलाया!

सुखविंदर सुक्खू जमीन से जुड़े आदमी, अभी भी फ्लैट में रहते! 

770

New CM : हिमाचल के नए CM ने दूध और अखबार बेचा, PCO चलाया!

Shimla : अब हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है। इस राज्य के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे। उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ था, फिर वे शिमला नगर निगम में पार्षद बने। 1992 में उन्होंने छोटा शिमला वार्ड से पार्षद पद के लिए पहला चुनाव लड़ा। पहले ही चुनाव में सुक्खू ने जीत हासिल की। उस समय नगर निगम में कांग्रेस की सरकार बनी थी। सुक्खू काफी सक्रिय रहे और अपने वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते थे।

1997 में दूसरी बार छोटा शिमला वार्ड से पार्षद का चुनाव जीते। कांग्रेस ने फिर नगर निगम में सत्ता हासिल की। तत्कालीन महापौर जैनी प्रेम ने बताया कि सदन में सुखविंद्र सिंह सुक्खू काफी सक्रिय रहते थे। हमेशा जनता से जुड़े कामों को करने में आगे रहते थे। बाद में जब सुक्खू विधायक बने।

कॉलेज के दिनों में पारिवारिक स्थिति ठीक नहीं होने से वे सुबह छोटा शिमला बाजार में दूध और अखबार बेचते थे। इसके बाद कॉलेज जाते। उनका परिवार पहले कसुम्पटी में रहता था, बाद में रहने छोटा शिमला चला गया। सुक्खू के साथी पार्षदों के मुताबिक, सुखविंदर सिंह ने आम आदमी का जीवन जिया। उन्हें पता है कि लोगों की परेशानियां क्या रहती हैं। सुक्खू काफी संघर्षशील और मेहनती हैं।

IMG 20221211 WA0020

छोटा शिमला में पीसीओ चलाया

हिमाचल के नए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू छोटा शिमला में तिब्बतियन स्कूल के पास बाबूराम मार्केट में पीसीओ चलाते थे। उनके दोस्त रामस्वरूप शर्मा व नगर निगम के पूर्व महापौर राकेश शर्मा ने बताया कि सुक्खू जब पार्षद थे, उस दौरान उन्होंने कई सालों तक यहां पीसीओ चलाया। उस दौरान पंडित सुखराम शर्मा केंद्र में दूरसंचार मंत्री थे।

छोटा शिमला में कांग्रेस का कब्जा

छोटा शिमला वार्ड में सुक्खू के बाद भी कांग्रेस का ही दबदबा रहा। 2017 तक इस वार्ड पर कांग्रेस का कब्जा रहा। साल 2007 और 2012 में वार्ड से पार्षद रहे कांग्रेस के सुरेंद्र चौहान ने बताया कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू उनसे एक क्लास सीनियर थे। 2017 में वार्ड से पार्षद चुनी गईं भाजपा की विदुषी शर्मा ने बताया कि सुक्खू स्ट्राबरी हिल्स हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के ब्लॉक डी-2 में फ्लैट नंबर डी-8 में रहते हैं। पड़ोसियों ने बताया कि शनिवार सुबह सुक्खू और उनकी पत्नी फ्लैट पर आए थे। लोगों ने उन्हें बधाई भी दी। अब दो दिन बाद वह शिमला आएंगे। तब लोग मिलकर उन्हें बधाई देने जाएंगे।