New Flights From Bhopal: भोपाल एयरपोर्ट से 2 नई फ्लाइट, मुंबई और दतिया जाना होगा आसान

सतना एवं खजुराहो तक भी सीधी उड़ान शुरू करने का प्रस्ताव

477

New Flights From Bhopal: भोपाल एयरपोर्ट से 2 नई फ्लाइट, मुंबई और दतिया जाना होगा आसान

 

भोपाल: राजधानी के राजाभोज एयरपोर्ट से आगामी दो दिन यानी एक जून और दो जून को दो नई फ्लाइट्स शुरू होंगी। भोपाल से मुंबई के लिए नाइट फ्लाइट और दतिया के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से हवाई यात्रियों को काफी सुविधा होगी। इसके अलावा, भोपाल से सतना एवं खजुराहो तक भी सीधी उड़ान शुरू करने का प्रस्ताव है। रीजनल कनेक्टिविटी के तहत हाल ही में रीवा उड़ान भी प्रारंभ हुई है।

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार एक जून को भोपाल से मुंबई के लिए एयर इंडिया की नई फ्लाइट शुरू होगी। इसकी अधिकांश सीटें बुक हो चुकी हैं। शुरुआत में इसका किराया करीब 9 हजार रुपए है। 162 सीटर एयर बस में 12 बिजनेस क्लास की सीटें भी हैं। यह फ्लाइट शाम 6.05 बजे मुंबई से रवाना होकर शाम 7.45 बजे भोपाल पहुंचेगी। इसके बाद रात 8.15 बजे भोपाल से रवाना होकर रात 10.05 बजे मुंबई पहुंचेगी।

इसी तरह, भोपाल से दतिया के बीच फ्लायबिग की ट्रायल उड़ान आज से शुरू होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल दतिया एयरपोर्ट का लोकार्पण कर चुके हैं। इसके बाद कल 2 जून से नियमित फ्लाइट शुरू हो जाएगी। भोपाल से दतिया के लिए सुबह 8.20 पर फ्लाइट चलेगी, जो सुबह 9.30 दतिया पहुंचेगी। फिर यही फ्लाइट दतिया से भोपाल के लिए दोपहर 2.10 पर उड़ान भरेगी और दोपहर 3.20 बजे भोपाल पहुंचेगी। इस फ्लाइट को सप्ताह में चार दिन चलाया जा सकता है।