New Initiative of SP: IPL के रोमांच के बीच बड़वानी जिले में PPL की मच रही धूम

35

New Initiative of SP: IPL के रोमांच के बीच बड़वानी जिले में PPL की मच रही धूम

भोपाल:  देश-दुनिया में इन दिनों जहां इंडियन प्रीमियर लीग (IPL)का रोमांच छाया हुआ है, वहीं प्रदेश के बड़वानी जिले में पुलिस प्रीमियर लीग (PPL) का रोमांच छाने लगा है।

PPL के जरिए यहां पर पुलिस खेल और सामाजिक समरसता का अनोखा संगम पेश कर सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा दे रही है।

बड़वानी के पुलिस अधीक्षक पदम विलोचन शुक्ला की पहल पर शुरू हुई इस लीग का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना भी है।

PPL का सबसे खास और अनोखा पहलू इसका टीम गठन है। हर टीम में 11 खिलाड़ियों में से 9 आम नागरिक और 2 पुलिसकर्मी शामिल किए गए हैं। यह मॉडल सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक मजबूत प्रयोग माना जा रहा है। वहां के परेड ग्राउंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्साह देखते ही बन रहा है।

पहला मुकाबला रेवा इलेवन और नर्मदा इलेवन के बीच खेला गया डे-नाइट मैत्री क्रिकेट मैच दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहा। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, इन मैचों में दर्शक भी तालियों और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा और खेल प्रेमी इस आयोजन से जुड़ रहे हैं।

इस लीग में जिले के 15 थानों से टीमें भाग ले रही हैं, जिससे प्रतियोगिता का दायरा और भी व्यापक हो गया है। युवाओं को खेल के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना, उन्हें नशे और अपराध जैसी गतिविधियों से दूर रखना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

इस बारे में बड़वानी एसपी का कहना है कि खेल ऐसा माध्यम है, जो समाज के हर वर्ग को जोड़ता है। PPL के जरिए पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और संवाद को मजबूत करने की दिशा में ठोस प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।