New NTA Chief : NTA की कमान संभालने वाले रिटायर्ड IAS प्रदीप सिंह खरोला का इंदौर कनेक्शन!

1985 बैच के कर्नाटक कैडर के IAS के नाम कई प्रशासनिक उपलब्धियां!

374

New NTA Chief : NTA की कमान संभालने वाले रिटायर्ड IAS प्रदीप सिंह खरोला का इंदौर कनेक्शन!

New Delhi : एनटीए के डायरेक्टर जनरल सुबोध कुमार सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है। अब रिटायर्ड आईएएस प्रदीप सिंह खरोला को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ‘नीट यूजी’ पर विवाद को देखते हुए ‘नीट पीजी’ परीक्षा को रद्द कर दिया गया। लाखों स्टूडेंट्स का भविष्य दांव पर है। परीक्षाओं में अनियमितता व नीट यूजी कंट्रोवर्सी को देखते हुए एनटीए पर सवाल खड़े हो रहे थे, इसीलिए केंद्र सरकार ने सुबोध कुमार सिंह को उनके पद से हटा दिया गया। प्रदीप सिंह खरोला नई जिम्मेदारी के बाद चर्चा में हैं। उन्हें ऐसे समय पर एनटीए की जिम्मेदारी सौंपी गई, जब वे अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। उन्होंने इंदौर की देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी से मेकैनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी।
IAS अफसर प्रदीप सिंह खरोला 1985 बैच के कर्नाटक कैडर से हैं। उनकी उम्र 62 साल है। प्रदीप सिंह खरोला मूलतः उत्तराखंड के रहने वाले हैं। उन्होंने 1982 में इंदौर यूनिवर्सिटी से मेकैनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद 1984 में आईआईटी दिल्ली से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन किया था। बताया जाता है कि वह अपने बैच के टॉपर थे। उन्होंने फिलीपींस के मनीला स्थित एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से डेवलपमेंट मैनेजमेंट में भी मास्टर्स किया है।

एनटीए का एडिशनल चार्ज मिला
आईएएस प्रदीप सिंह खरोला 2022 से भारत व्यापार संवर्धन संगठन (इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन) के अध्यक्ष हैं। उन्हें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। एनटीए के नए डायरेक्टर की नियुक्ति तक वे इसकी कमान संभालेंगे। प्रदीप सिंह खरोला साल 2012-13 में कर्नाटक के मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव थे। उन्होंने कर्नाटक में अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड फाइनेंस कॉरपोरेशन (केयूआईडीएफसी) का नेतृत्व भी किया था।

संभाल चुके है एयर इंडिया की कमान
एयर इंडिया के निजीकरण से पहले आईएएस प्रदीप सिंह खरोला उसके अध्यक्ष और मैनेजिंग डायरेक्टर थे। जब सरकार एयर इंडिया के रणनीतिक विनिवेश के तौर-तरीकों को फाइनलाइज कर रही थी, तब उन्हें एयर इंडिया का प्रमुख बनाया गया था। वे बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (बीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक के तौर पर भी काम कर चुके हैं। प्रदीप सिंह खरोला नेशनल एडमिनिस्ट्रेटिव रिफॉर्म कमीशन के जॉइंट सेक्रेटरी भी रहे हैं।

प्रदीप सिंह खरोला से जुड़ी 5 खास बातें

– उनके शोध पत्र कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
– 2012 में ई-गवर्नेंस के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था।
– साल 2013 में उन्हें प्रधानमंत्री उत्कृष्ट लोक प्रशासन पुरस्कार से सम्मानित किया था।
– उन्होंने अपने विस्तृत करियर में औद्योगिक विकास, पर्यटन प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन प्रणाली, शासन सुधार, कर प्रशासन जैसे कई क्षेत्रों में काम किया।
– उन्हें प्रशासन में उल्लेखनीय सुधार लाने के लिए जाना जाता है।