Innovative Initiative : वकीलों को घंटों इंतजार से मिली निजात, अब ग्रामीण SDM न्यायालय में वाट्सअप पर मिलेगी जानकारी!

जिले में ई-गवर्नेस और प्रशासनिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम!

47

Innovative Initiative : वकीलों को घंटों इंतजार से मिली निजात, अब ग्रामीण SDM न्यायालय में वाट्सअप पर मिलेगी जानकारी!

Ratlam : कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में प्रशासनिक नवाचार और सुशासन की दिशा में कार्यालयों में काम आनलाईन करने की दिशा में तीव्रता से कार्य किया जा रहा है। इसी कडी में ग्रामीण एसडीएम न्यायालय में अब पूरी न्यायालयीन प्रक्रिया को ऑनलाईन कर दिया गया है। एसडीएम ग्रामीण विवेक सोनकर ने बताया कि इस पहल से अब अधिवक्ताओं को प्रतिदिन की काज लिस्ट व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल से न केवल अधिवक्ताओं को सुविधा मिल रही है, बल्कि न्यायालयीन कार्यवाही भी अधिक व्यवस्थित और प्रभावी हो रही है।

 

नवाचार के तहत न्यायालय में प्रस्तुत होने वाले प्रकरणों की दैनिक सूची सुबह ही अधिवक्ताओं के मोबाइल पर पहुंच जाती है। इससे वकीलों को उनके प्रकरण की सुनवाई के लिए निर्धारित समय की जानकारी पहले से ही प्राप्त हो जाती है परिणामस्वरूप उन्हें पूरे दिन न्यायालय परिसर में इंतजार नहीं करना पड़ता जिससे उनके समय की बचत होती है।

 

पहले अधिवक्ताओं को काज लिस्ट देखने के लिए न्यायालय पहुंचना पड़ता था तथा कई बार घंटों इंतजार करना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद वे अपने समय का बेहतर प्रबंधन कर पा रहे हैं। अधिवक्ताओं को अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत मिली है और न्यायालयीन कार्यों में भी गति आई है। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की यह पहल जिले में ई-गवर्नेस और प्रशासनिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऑनलाईन तकनीक के उपयोग से आमजन और अधिवक्ताओं दोनों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। यह नवाचार ग्रामीण क्षेत्र की न्यायिक व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में प्रभावी उदाहरण है। इससे आमजन को भी त्वरित और बेहतर न्यायिक सेवाएं उपलब्ध हो रही है। प्रकरण से संबंधित व्यक्तियों को भी समय पर जानकारी उपलब्ध होने से उन्हे भी अब अनावश्यक इंतजार नही करना पडता। अधिवक्ताओं ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि व्हाट्सएप पर समय से काज लिस्ट मिलने से उनकी कार्यक्षमता बढ़ी है और न्यायालय में अनावश्यक समय व्यतीत करने की समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई हैं!