
घटिया निर्माण पर आनंद इंफ्रास्ट्रक्चर, ठाकुर ब्लैकलिस्ट, बंसल पाथवेज, योगमा को नोटिस, 7 जिलों में 35 कार्यों के औचक निरीक्षण में मिली खामियां
भोपाल: इंदौर जिले में चटवाड़ा से हरनासा सड़क मार्ग में घटिया निर्माण मिलने पर सड़क निर्माता मेसर्स आनंद इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी को काली सूची में दर्ज करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। वहीं सागर जिले के बीलाग्राम स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रयोगशालाओं एवं अतिरिक्त कक्षों के घटिया निर्माण पर ठेकेदार मेसर्स रविंद्र सिंह ठाकुर को ब्लैक लिस्ट कर संबंधित कार्यपालन यंत्री एवं अनुविभागीय अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किये गए है। सागर जिले में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के रेहली-गौरझामर मार्ग का गुणवत्ताहीन निर्माण मिलने पर ठेकेदार मेसर्स बंसल पाथवेज प्रा.लि. एवं कंसल्टेंट योंगमा इंजीनियर प्रा.लि. को नोटिस जारी किया गया है।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग और मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कारपोरेशन के अधिकारियों के हर महीने सात जिलों में पैतीस कार्यो का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इस महीने किए गए निरीक्षण में भी गुणवत्ताहीन निर्माण मिलने पर यह कार्यवाही की गई है। मुख्य अभियंताओं के सात दलों द्वारा हाल ही में भोपाल, डिंडौरी, अशोकनगर, इंदौर, शहडोल, नीमच एवं सागर जिलों में रेण्डम आधार पर सात जिलों के 35 निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 21 कार्य लोक निर्माण विभाग (सड़क/पुल), 6 कार्य पी.आई.यू. (भवन), 6 कार्य मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, एक कार्य मध्यप्रदेश भवन विकास निगम और एक कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित था।
निरीक्षण दलों से प्राप्त प्रतिवेदनों की समीक्षा बैठक प्रमुख अभियंता सड़क के.पी.एस. राणा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई, जिसमें प्रमुख अभियंता भवन एस.आर. बघेल, तकनीकी सलाहकार एम.पी.आर.डी.सी. आर.के. मेहरा सहित समस्त मुख्य अभियंता, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री एवं निरीक्षणकर्ता अधिकारी आनलाइन उपस्थित रहे। बैठक में प्रतिवेदनों के आधार पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त निर्देश दिए गए।
इंदौर जिले में चटवाड़ा से हरनासा सड़क 5.30 किमी की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा ठेकेदार मेसर्स आनंद इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी को ब्लैक लिस्ट में डालने के निर्देश दिए गए।
सागर जिले में लोक निर्माण विभाग (भवन) अंतर्गत बीलाग्राम स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रयोगशालाओं एवं अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित कार्यपालन यंत्री एवं अनुविभागीय अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने, उपयंत्री को निलंबित करने तथा भवन निर्माण के ठेकेदार मेसर्स रविंद्र सिंह ठाकुर को ब्लैक लिस्ट में डालकर अनुबंधानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार सागर जिले में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के रेहली-गौरझामर मार्ग की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर ठेकेदार मेसर्स बंसल पाथवेज प्रा.लि. एवं कंसल्टेंट योंगमा इंजीनियर प्रा.लि. को नोटिस जारी कर अनुबंधानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त 17 अन्य कार्यों में आवश्यक आंशिक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निरीक्षण प्रतिवेदनों में की गई अनुशंसाओं का पालन करते हुए समयबद्ध रूप से आवश्यक सुधार कार्य कराना सुनिश्चित करें, जिससे प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।





