अब मध्य प्रदेश में दौड़ रहीं 15 साल पुरानी 900 बसों का परमिट किया जाएगा निरस्त

113

अब मध्य प्रदेश में दौड़ रहीं 15 साल पुरानी 900 बसों का परमिट किया जाएगा निरस्त

भोपाल: भोपाल सहित प्रदेश में दौड़ रही 15 साल पुरानी बसों के परमिट निरस्त होंगे। सरकार ने ऐसी बसों के संचालन को अवैध माना है। परिवहन विभाग ने ऐसी 900 बसों को चिन्हित किया है। जिनका जल्द ही परमिट निरस्त किए जाने की तैयारी है। परिवहन विभाग के सचिव मनीष सिंह ने प्रदेश के परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा को एक पत्र लिखकर इन सभी बसों की सूची सौंप दी है। इन पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इनमें सबसे ज्यादा खटारा बसें जबलपुर तो सबसे कम रीवा संभाग में चल रही हैं।

सरकार के इस आदेश के बाद बस संचालकों में नाराजगी है। उनकी दलील है कि जब उनकी बसों को परमिट और फिटनेस सर्टिफिकेट दिया गया था, तब उनकी उम्र 15 साल नहीं हुई थी। बसों का फिटनेस और परमिट अभी बकाया है। ऐसे में अचानक बसों को बंद करने का फैसला अव्यवहारिक है। दरअसल इनके परमिट की वैधता अभी समाप्त नहीं हुई है। इस कारण पूरी संभावना है कि ये बसें फील्ड में अवैध रूप से संचालित हो रही होंगी।